Moradabad: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री करेंगे 806.10 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय द्वारा कराए जा रहे 472.89 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 333.21 लाख की परियोजनाओं का शिलान्यास 4 दिसंबर को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। पर्यटन मंत्री के निजी सचिव की ओर से इससे संबंधित कार्यक्रम जारी की गई है।
मंत्री गुरुवार को को रामपुर रोड स्थित आर्केडिया ग्रीन में 472.89 लाख रुपये की लागत से जिले की चार परियोजनाओं जिसमें मुरादाबाद ग्रामीण क्षेत्र के प्राचीन कामेश्वर महादेव मंदिर निवाड़खास, बिलारी में पौड़ाखेड़ा मंदिर शाहाबाद रोड, ठाकुरद्वारा क्षेत्र में प्राचीन शिव मंदिर रतुपुरा और हनुमान समाधि प्रेम सन्यास आश्रम न्यास में मल्टीफेसिलीटी सेंटर/हाल, टायलेट ब्लॉक, प्रकाश व्यवस्था, स्टोन बेंच, स्टोन वर्क डस्टबिन, हार्टीकल्चर आदि कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
जबकि मंत्री के द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए तीन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। जिसमें प्राचीन महादेव मंदिर कुंदरकी, नगर में द्वारिकाधीश मंदिर और विश्नोई मंदिर लोधीपुर के कार्य शामिल हैं। इसके क्रम में मंगलवार को कुंदरकी के विधायक रामवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल जीरो पॉइंट आर्केडिया ग्रीन निकट रामपुर रोड पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।इस दौरान उप निदेशक पर्यटन रविन्द्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी मनीष सिंह, स्थानिक अभियन्ता सीएंडडीएस चंद्रशेखर, अभियंता विवेकानन्द, संदीप कुमार भी मौजूद रहे।
