कानपुर : नगर आयुक्त ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का किया निरीक्षण, कहा- उत्पादों की गुणवत्ता में हो सुधार
कानपुर, अमृत विचार। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को भौंती स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट प्लांट की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। प्लांट में तैयार किए जा रहे ब्रिक, चेयर एवं अन्य कंस्ट्रक्शन उत्पादों की स्ट्रेंथ, क्वालिटी तथा उपयोग लागत की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए। यहां बनने वाले उत्पादों का उपयोग अधिक से अधिक नगर निगम कार्यों में प्राथमिकता से किया जाए।सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने लिगेसी वेस्ट एवं फ्रेश वेस्ट के पृथक्करण, प्रोसेसिंग एवं फाइनल निस्तारण की वर्तमान प्रगति जानी।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लिगेसी वेस्ट का तीव्र गति से निस्तारण किया जाए। फ्रेश वेस्ट का डोर-टू-डोर कलेक्शन से लेकर अंतिम निस्तारण तक सभी चरणों में सुगठित व्यवस्था सुनिश्चित हो। नगर आयुक्त ने एमआरएफ केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने रीसायकल योग्य प्लास्टिक वेस्ट की प्रोसेसिंग प्रणाली का अवलोकन किया। प्लांट में तैयार होने वाले फाइनल रीसायकल्ड उत्पादों की गुणवत्ता, मात्रा एवं उपयोगिता की जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन के लिए स्रोत पर पृथक्करण को और मजबूत किया जाए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त, अधिशासी अभियंता (स्वच्छता) एवं संबंधित जोनल स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
