Bareilly : मुंबई-बरेली फ्लाइट निरस्त...सैकड़ों यात्रियों को झटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो के सामने फ्लाइट परिचालन को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गयी है। इसका असर बरेली तक हाेने लगा है। कई दिनों से मुंबई और बेंगलुरू फ्लाइट एक से डेढ़ घंटे की देरी से बरेली पहुंच रही थी, लेकिन अब शुक्रवार को मुंबई-बरेली फ्लाइट रद्द कर दी गई। इससे सैकड़ों यात्रियों को तगड़ा झटका लगा। मुंबई से बरेली आने-जाने में करीब छह सौ से अधिक यात्री सफर करते हैं। इसमें बरेली मंडल के साथ कुमाऊं मंडल और मुरादाबाद तक के यात्री शामिल हैं।

बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी के ओएसडी के अनुसार मुंबई एयरपोर्ट से फ्लाइट को रद्द करने का मैसेज शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बरेली एयरपोर्ट आया। फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के अधिकारियों ने अपने हेड क्वार्टर में बात की और आज की फ्लाइट में बरेली से मुंबई जाने वाले यात्रियों के मोबाइल पर फ्लाइट रद्द होने का मैसेज भेजा गया। सुबह जल्दी मैसेज आने से यात्रियों काे ज्यादा दिक्कत नहीं हुई, यदि यात्री एयरपोर्ट पहुंच जाते, तब फ्लाइट रद्द होती तो उन्हें ज्यादा नुकसान झेलना पड़ता और समय भी खराब होता। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों को अगली फ्लाइट में सफर की सुविधा देने के साथ टिकट के रुपये वापस करने का विकल्प भी दिया जाता है। वहीं, गुरुवार को बेंगलुरू फ्लाइट करीब पौने दो घंटे देरी से बरेली पहुंची थीं। इतनी ही देरी से एयरपोर्ट से बेगंलुरू के लिए रवाना हुई थी।

 

संबंधित समाचार