सोनिया गांधी के 79वें जन्मदिन पर PM मोदी ने दी बधाई... दीर्घायु की कामना की
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर मंगलवार को बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।’’ 9 दिसंबर 1946 को जन्मी गांधी लगभग दो दशकों तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। वह इस पद पर सबसे लंबे समय तक रही पार्टी नेता हैं। उन्होंने 139 साल पुराने संगठन की बागडोर 2017 में अपने बेटे राहुल गांधी को सौंप दी थी।
सोनिया गांधी मंगलवार को 79 वर्ष की हो गईं। कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को मंगलवार को जन्मदिन की बधाई दी। कांग्रेस ने कहा कि सोनिया गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व ने न केवल पार्टी का मार्गदर्शन किया, बल्कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे ऐतिहासिक अधिकार-आधारित कानूनों के माध्यम से भारत की तस्वीर बदल दी।
कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि सोनिया गांधी अटूट सत्यनिष्ठा, करुणा और साहस के साथ जीवन जीती हैं। मुख्य विपक्षी दल ने कहा, ‘‘उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने सिर्फ कांग्रेस का मार्गदर्शन नहीं किया, बल्कि उन्होंने ऐतिहासिक अधिकार-आधारित कानूनों: मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से भारत को बदल दिया। इनसे लाखों नौकरियां, आशा, शिक्षा, आवाज और सम्मान मिला।’’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा, ‘‘कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। उनका जीवन त्याग, निस्वार्थ सार्वजनिक सेवा और धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनका सैद्धांतिक मार्ग और मार्गदर्शन प्रगतिशील और समावेशी भारत के लिए हमारे सामूहिक प्रयासों को मजबूत करता रहेगा।’’ सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी स्वास्थ्य कारणों से पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक रूप से बहुत सक्रिय नहीं हैं। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष होने के साथ-साथ वह राज्यसभा की सदस्य भी हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे ने सोनिया गांधी को दी जन्मदिन बधाई
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की है। खरगे ने अपने संदेश में कहा कि समाज के वंचित लोगों के अधिकारों की हिमायती हैं और जीवन की हर चुनौती का साहस के साथ सामना किया है।
खरगे ने एक्स पर लिखा, "श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। कमज़ोर लोगों के अधिकारों की पक्की समर्थक, वह हमेशा गरिमा का प्रतीक रही हैं, और हर चुनौती का सामना साहस, दृढ़ता, त्याग और निस्वार्थ समर्पण के साथ किया। मैं उनके दीर्घायु होने और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
ये भी पढ़े :
समस्याओं से घिरा देश... संसद में प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा, वंदे मातरम पर चर्चा को बताया मुद्दे से भटकाने वाला
सोर्स : भाषा
