कानपुर-बेंगलुरु के लिए नियमित उड़ान आज से... एयरपोर्ट पर लौटी यात्रियों की रौनक, शेड्यूल जारी
कानपुर, अमृत विचार। कानपुरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है, कानपुर से बेंगलुरु के लिए सप्ताह में तीन दिन के बजाए 10 दिसंबर 2025 यानी बुधवार से इस उड़ान को नियमित कर दिया गया है। अब ये विमान डेली कानपुर से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। कानपुर हवाई अड्डा भारतीय विमानपत्तन के निदेशक प्रदीप यादव ने बताया कि कानपुर हवाई अड्डा से बेंगलुरु के लिए बुधवार से दैनिक संचालन आरंभ हो गया है।
यात्री इस सेवा का प्रतिदिन लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस की कानपुर-बेंगलुरु कानपुर-दिल्ली और कानपुर-मुबंई विमान सेवाएं समयानुसार प्रस्थान कर गई। यात्रियों को बोर्डिंग, सुरक्षा जाँच तथा अन्य सुविधाओं में कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
निदेशक ने बताया कि कानपुर-हैदराबाद उड़ान का संचालन बुधवार को रद कर दिया गया जिसकी सूचना यात्रियों को समय रहते दे दी गई। सभी संबंधित यात्रियों को उनके समय, सुविधा और यात्रा विकल्पों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
विमानपत्तन निदेशक तथा हवाई अड्डे से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों ने यात्रियों से मुलाकात कर उनके अनुभव, सुविधा और प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी ली। यात्रियों ने हवाई अड्डे की उपलब्ध सुविधाओं, सेवा-व्यवस्था तथा स्टाफ सहयोग से संतुष्टि व्यक्त की।
कानपुर की तीनों फ्लाइट की स्थिति
॰ बेंगलुरु फ्लाइट में 177 यात्री आए और 230 पैसेंजर रवाना हुए। ये फ्लाइट दोपहर 12.01 बजे कानपुर आई और दोपहर 12.35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हो गई।
॰ दिल्ली फ्लाइट में 70 यात्री आए और 160 पैसेंजर रवाना हुए। ये फ्लाइट दोपहर 2.11 बजे आई और दोपहर 2.48 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
॰ मुंबई फ्लाइट में 152 यात्री आए और 175 यात्री मुंबई के लिए रवाना हुए। ये फ्लाइट दोपहर 3.31 बजे कानपुर आई और सायं 4.02 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी।
