चुनाव से पहले बांग्लादेश में फिर से फैली अशांति, निर्वाचन आयोग ने की अतिरिक्त सुरक्षा की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ढाका। बांग्लादेश में बंदूकधारियों द्वारा आगामी संसदीय चुनाव के एक उम्मीदवार और पिछले साल हुए हिंसक प्रदर्शनों के अग्रणी नेता को गोली मारे जाने के बाद निर्वाचन आयोग (ईसी) ने अपने प्रमुख, अन्य आयुक्तों और अधिकारियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। इस हमले के बाद बांग्लादेश में फिर से अशांति फैल गई है। 

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने शनिवार देर रात कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) को पत्र लिखकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी), निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) और निर्वाचन आयोग सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने का आग्रह किया है।’’ 

निर्वाचन आयोग ने 13वें राष्ट्रीय चुनाव से पहले अपने जमीनी स्तर के कार्यालयों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है क्योंकि बृहस्पतिवार को आगामी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद दक्षिण-पूर्वी लक्ष्मीपुर और दक्षिण-पश्चिमी पिरोजपुर में स्थित दो कार्यालयों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया था। 

आयोग ने मुख्य आयुक्त के लिए एक अतिरिक्त सुरक्षा वाहन की मांग की है, जबकि वर्तमान में उनके लिए एक पुलिस सुरक्षा वाहन की व्यवस्था पहले से ही मौजूद थी। आयोग ने चारों आयुक्तों और वरिष्ठ सचिव के लिए 24 घंटे पुलिस सुरक्षा की मांग की। पत्र में कहा गया है कि सुरक्षा बढ़ाना ‘‘अत्यंत आवश्यक’’ हैं। 

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि उनके 10 क्षेत्रीय कार्यालय, 64 जिला चुनाव कार्यालय और 522 उप-जिला स्तरीय कार्यालय में महत्वपूर्ण दस्तावेजों और चुनाव सामग्री को सुरक्षित रखना होगा। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि आगामी संसदीय चुनाव अगले साल 12 फरवरी को होंगे। इसके एक दिन बाद राजधानी के एक निर्वाचन क्षेत्र से अपना चुनाव अभियान शुरू करते समय शरीफ उस्मान हादी को सिर में करीब से गोली मार दी गई थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 

गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जहांगीर आलम चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन से कहा, "सरकार सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध हथियारों के बढ़ते खतरे से निपटने में मदद करने के लिए ‘ऑपरेशन डेविल हंट’ का दूसरा चरण शुरू करने जा रही है।" 

यह घोषणा शुक्रवार को इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी पर तीन हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी के बाद हुई, जब वह मध्य ढाका के बिजयनगर इलाके में अपना चुनाव प्रचार शुरू कर रहे थे। वह 12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवार हैं। चिकित्सकों के अनुसार, हादी की हालत बेहद गंभीर है। 

अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने संदिग्धों की तलाश के आदेश दिए और हादी के परिवार से मुलाकात कर उनके इलाज में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। यूनुस ने कहा, "पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है और हर कोई यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल मिले।" 

हादी पिछले साल के छात्र-नेतृत्व वाले प्रदर्शन के एक प्रमुख नेता थे। इन प्रदर्शनों के बाद पांच अगस्त को शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार सत्ता से बेदखल हो गई। गंभीर रूप से बीमार पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी, साथ ही जमात-ए-इस्लामी और छात्र-नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) ने हादी पर हुए हमले की कड़ी आलोचना की।  

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Parliament Monsoon Session Day 5: राज्यसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित, CJP से बातचीत के लिए कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे जेपी नड्डा
गोमती नदी में उतरकर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, 40 मिनट तक पानी में खड़े रहे; प्रशासन को सौंपा 108 सूत्रीय ज्ञापन
Ken-Betwa Project: मध्य प्रदेश के अमित भटनागर ने खत्म किया 18 दिन बाद अपना अनशन, मां के कहने पर लिया फैसला; जानिए पूरा मामला
UP T20 League 2026: आज होगा मिनी ऑक्शन, 250 से ज्यादा खिलाड़ियों पर लगेगी बोली; नोएडा के पास सबसे बड़ा पर्स
श्रावण मास 2026: काशी में सुरक्षा का मेगा प्लान, वाराणसी 5 जोन और 15 सेक्टर में बंटेगा; 5,000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात