मुरादाबाद: साढ़े सत्रह लाख की शराब के साथ दो गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार
मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 437 पेटियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद की गई शराब की कीमत करीब साढ़े सत्रह लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 437 पेटियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद की गई शराब की कीमत करीब साढ़े सत्रह लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हरियाणा के रोहतक से शराब लेकर बिहार के चंपारण जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
शासन की सख्ती के बाद अवैध व कच्ची शराब के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दिनों करीब एक महीने तक पूरे मंडल में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान पूरे मंडल में भारी मात्रा में अवैध व कच्ची शराब की बरामदगी के साथ ही तमाम अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार की रात फिर मझोला पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है।
जीरो प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान पकड़ी शराब
बुधवार की रात मझोला थाना पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा की ओर से अवैध शराब से भरा ट्रक आ रहा है। ट्रक बाईपास होते हुए बरेली की ओर जाएगा। जिस पर एसओजी की टीम ने थाना पुलिस के साथ हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित ट्रक को जब रोका तो उसमें बैठे कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने दो को दबोच लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर करीब 437 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद कर ली।
खुलासा करते हुए एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी कुंदरकी थाना क्षेत्र हाथीपुर बाजार निवासी शानेआलम व सम्भल जिले के चन्दौसी कोतवाली के मोहल्ला लक्ष्मण गंज निवासी शावेज हैं, जिसमें शाने आलम ट्रक चालक है, जबकि शावेज अवैध शराब कारोबारी है, जबकि मास्टर माइंड समेत तीन आरोपी फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब साढ़े सत्रह लाख रुपये हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह लोग हरियाणा के रोहतक से शराब लेकर बिहार के चंपारण जा रहे थे। पहले भी शावेज इस तरह से शराब लेकर बिहार जा चुका है।
दवा और परचून के सामान में छुपा कर होती थी शराब की तस्करी
खुलासा करते हुए एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि अवैध शराब कारोबारी पुलिस से बचने के लिए परचून व मेडिकल के सामान व दवा की आड़ में शराब की तस्करी करते थे। उन्होंने बताया कि कारोबारी पहले परचून के सामान की बोरियां रखते थे। बीच में शराब की पेटियां छुपा देते थे। इसके बाद फिर परचून व मेडिकल के सामान की बोरियां व गत्ते रख देते थे, ताकि रास्ते में चेकिंग होने पर आसानी से पकड़ में न आ सके। इस बार भी परचून के सामान की आड़ में ये लोग शराब ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
