लखनऊ की तीनों टीमों ने जीत से किया आगाज, प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन करते खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह
लखनऊ, अमृत विचार: भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के संयुक्त देखरेख में शुक्रवार से शुरू हुई प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन लखनऊ की तीनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए।
स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ, लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज और लखनऊ मंडल टीम ने दमदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। गोमती नगर के विजयंत खंड स्थित मो. शाहिद हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने आगरा मंडल को 6-0, लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज ने मेरठ हॉस्टल को 7-0 और लखनऊ मंडल ने देवीपाटन मंडल को 5-0 से पराजित किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के रजनीश मिश्रा और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ललित उपाध्याय भी मौजूद रहे। स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ बनाम आगरा मंडल के बीच खेला गया मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। पहले क्वार्टर के पहले ही मिनट में शाहरुख ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर में हॉस्टल की टीम ने कुल चार गोल दागे। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, जबकि चौथे क्वार्टर में हॉस्टल ने दो और गोल कर जीत सुनिश्चित की।
हॉस्टल की ओर से शाहरुख (1 मिनट), प्रहलाद (4 मिनट), अजय (15 मिनट), राघवेंद्र (9 व 59 मिनट) और आतिफ (49 मिनट) ने गोल किए। वहीं लखनऊ मंडल बनाम देवीपाटन मंडल के बीच हुए मुकाबले का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में लखनऊ मंडल ने एक गोल किया, तीसरे में दो और अंतिम क्वार्टर में दो गोल कर आसान जीत दर्ज की। लखनऊ की ओर से सक्षम (25 व 35 मिनट), कप्तान रौनक (40 मिनट), अंश (49 मिनट) और दिशांत (52 मिनट) ने गोल किए।अन्य मुकाबलों में स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने अलीगढ़ को 2-0 से हराया। बस्ती ने आजमगढ़ को 4-0 से पराजित किया।
कानपुर मंडल ने आजमगढ़ को 4-0 से शिकस्त दी। स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने अयोध्या मंडल को 6-1 से जहां मात दी,वहीं कानपुर मंडल और बरेली के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर छूटा। वाराणसी मंडल और प्रयागराज मंडल का मुकाबला भी 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
