माघ मेले में अयोध्या होकर चलेंगी चार रिंग स्पेशल ट्रेनें, नए साल में सप्ताह के सभी दिन होगा संचालन
अयोध्या, अमृत विचार। माघ मेले को लेकर उत्तर रेलवे प्रयागराज-वाराणसी-अयोध्या-प्रयागराज रेल मार्ग पर चार रिंग स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन दो जनवरी से 17 फरवरी तक सप्ताह के सभी दिनों में किया जाएगा। अयोध्या जिले में इन ट्रेनों का ठहराव गोसाईगंज, अयोध्या धाम व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर होगा।
इनमें से दो ट्रेनें प्रयागराज से चलकर झूंसी, ग्यानपुर होते हुए वाराणसी तक जाएंगी, वहां से जफराबाद, जौनपुर, शाहगंज, अकबरपुर होते हुए अयोध्या पहुंचेंगी। यहां से सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फाफामऊ होते हुए वापस प्रयागराज पहुंचेगी, जबकि दो अन्य ट्रेनें प्रयागराज से सुल्तानपुर होकर अयोध्या होते हुए वाराणसी जाएंगी। फिर वहां से वापस प्रयागराज पहुंचेगी।
उत्तर रेलवे की विज्ञप्ति के अनुसार ट्रेन संख्या 04111 प्रयागराज से सुबह छह बजे निकलेगी, जो 8:10 बजे बनारस, गोसाईगंज 1:15 बजे, अयोध्या धाम दो बजे व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर 2:30 बजे पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 4113 प्रयागराज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी, जो 7:40 बजे बनारस, गोसाईगंज रात 12:55 बजे, अयोध्या धाम रात दो बजे व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर 2:30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 04114 शाम 5:45 बजे प्रयागराज से रवाना होगी।
सुल्तानपुर के रास्ते होते हुए जो अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर रात 9:45 बजे, रात 10:05 बजे अयोध्या धाम व रात 11:05 बजे गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 04120 रात 1:30 बजे प्रयागराज से रवाना होगी, जो दूसरे दिन अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर सुबह 5:30 बजे, 5:50 बजे अयोध्या धाम व 6:50 बजे गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यह दोनों ट्रेनें जौनपुर-वनारस होते हुए वापस प्रयागराज पहुंचेगी।
