UP: मतदाता सूची से हटेंगे 3 लाख 26 लाख मतदाताओं के नाम
संभल, अमृत विचार। जिले में सभी राजनीतिक दलों के सहयोग और जिला प्रशासन की सतर्कता के चलते विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य समयावधि की सीमा खत्म होने से पहले ही खत्म कर लिया गया। 3 लाख 26 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से समय बढ़ाए जाने के बाद चिन्हित मतदाताओं की लगातार मैपिंग कराई गई, जिससे मतदाता सूची का शुद्धिकरण सुनिश्चित हो सका।
शुक्रवार शाम 5 बजे जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया संभल कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित सदर तहसील परिसर पहुंचे। तहसील सभागार में चल रहे एसआईआर कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने डिप्टी कलेक्टर एवं एआरओ निधि पटेल, एसडीएम रामानुज, तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह तथा नायब तहसीलदार दीपक जुरैल, बबलू कुमार के साथ बैठक की। डीएम ने अधिकारियों को बीएलओ से निरंतर संपर्क बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रात 12 बजे तक सभी बीएलओ की फीडिंग पूर्ण होने के बाद जनपद की चारों विधानसभाओं का अंतिम डाटा सामने आ जाएगा।
समय से पहले पूरा हुआ काम
जिलाधिकारी डाॅ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि जनपद संभल में कुल 15,70,306 मतदाता पंजीकृत हैं। संभल विधानसभा क्षेत्र में 3,72,338 मतदाताओं में से 2,97,097 के फार्म प्राप्त हुए हैं, जबकि 75,243 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने हैं। असमोली विधानसभा क्षेत्र में 3,79,264 में से 3,27,587 फार्म प्राप्त किए गए हैं और 51,680 वोट कटने हैं। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में 3,99,331 में से 2,96,498 फार्म मिले हैं, जबकि 1,02,835 वोट हटाए जाएंगे। वहीं गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में 4,19,373 में से 3,22,629 मतदाताओं के फार्म प्राप्त हुए हैं और 96,746 वोट सूची से हटाए जाने हैं। मतदाता सूची से हटाए जाने वाले नामों में मृतक, शिफ्ट, डुप्लीकेट और अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार मृतक मतदाता 57,732, अनुपस्थित 87,257, शिफ्ट 1,21,924, डुप्लीकेट 31,666 और अन्य श्रेणी में 27,925 मतदाता चिन्हित किए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि एसआईआर का कार्य पूर्ण हो चुका है। जनपद स्तर पर कुल लगभग 3.26 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इस पूरे अभियान में जनपद की चारों विधानसभाओं में कुल 1,590 बीएलओ ने कार्य किया, जिनके सहयोग से मतदाता सूची को अद्यतन और पारदर्शी बनाया जा सका।
