2000 छात्राओं की नजरें झुकीं, नगर निगम बेशर्म... खुलेआम सड़कों पर नहा रहे लोग

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

छात्राओं की समस्याओं पर महापौर भी नहीं दिख रहीं गंभीर

लखनऊ, अमृत विचार : सड़क पर अतिक्रमण और अश्लीलता से एपीसेन गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं-शिक्षकाओं को नजरें झुकाकर आना-जाना पड़ रहा है, लेकिन नगर निगम, जिला व पुलिस प्रशासन को लज्जा नहीं आ रही है। कालेज प्रशासन ने इसको लेकर लिखापढ़ी भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सड़कों पर सामान फैलाने वाले लोग यूं ही खुले में अर्द्धनग्न होकर स्नान कर रहे हैं। हालांकि अब क्षेत्रीय पार्षद कुछ सक्रिय दिख रहे हैं, उन्होंने नगर निगम अधिकारियों और महापौर को पत्र लिखने की बात कही है।

एपीसेन गर्ल्स डिग्री कॉलेज नगर निगम के जोन-1 के बाबू बनारसी दास वार्ड में पड़ता है। इस कॉलेज में लगभग 2,000 छात्राएं पढ़ती हैं। कॉलेज जाने के लिए छात्राओं और शिक्षिकाओं को जिस रोड से गुरजना पड़ता है, उसके दोनों किनारों पर अतिक्रमण है। लोगों ने न केवल सड़कों पर निर्माण कर रखा है बल्कि घरों के आगे गृहस्थी का सामान भी रखे हैं। इससे सड़क तंगी गली में तब्दील हो गई है। सड़क किनारे फुटपाथ पर पानी की टंकी लगी है। इसके पास खुले में लोग अर्द्धनग्न होकर स्नान करते हैं। आते जाते लोग छात्राओं से अश्लील हरकतें भी करते हैं। कॉलेज की प्राचार्य ने समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ अमृत विचार के समक्ष भी छात्राओं-शिक्षिकाओं की पीड़ा बयां की थी। इस पर अमृत विचार ने 10 दिसंबर के अंक में ''एपी सेन गर्ल्स डिग्री कॉलेज के रास्ते पर पुरुष करते अर्द्धनग्न स्नान'' शीर्षक से प्रमुखता से समस्या को प्रकाशित किया था। इसके बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्थल का निरीक्षण करने की बात कही थी, किंतु 15 दिन बाद भी महापौर न मौके पर पहुंची और न ही समस्या के समाधान केलिए किसी भी नगर निगम अधिकारी को ही भेजा।

फुटपाथ पर कब्जा कर बना लिए मकान

एपीसेन गर्ल्स डिग्री कॉलेज जाने वाले मार्ग पर दोनों फुटपाथ पर लोगों ने कब्जा करके पक्के मकान बना लिए हें। अवैध तरीके से यहा रह रहे लोगों ने नालियों पर भी कब्जा कर लिया है। इससे सड़क संकरी हो गई है। इस मार्ग पर अतिक्रमण से दिन भर जाम की समस्या रहती है। इसके अलावा सड़क के फुटपाथ पर लगी नगर निगम की पानी की टंकी पर ही स्थानीय लोग कपड़े धोने से लेकर स्नान करते हैं। जिससे इस मार्ग पर छात्र-छात्राओं का पैदल निकलना मुश्किल है।

कई बार मना करने के बाद भी लोग खुले में स्नान करते हैं। इससे छात्राओं को समस्या हो रही है। फुटपाथ से टंकी हटवाने से ही समस्या का समाधान हो पाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन और महापौर को पत्र दिया जाएगा।

आशीष कुमार हितैषी, पार्षद बाबू बनारसी दास वार्ड

संबंधित समाचार