Bareilly: ओटीएस...पहले चरण के दो दिन शेष, अब तक 70 करोड़ हुए जमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिजली बिल राहत योजना का पहला चरण बुधवार को समाप्त हो जाएगा। इसकी वजह से बड़ी संख्या में उपभोक्ता पंजीकरण कराने के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बिजली विभाग के कार्यालय में योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

बरेली जोन प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक लागू की गई है। योजना के पहले चरण में बकाया बिजली बिल पर लगा ब्याज 100 प्रतिशत और मूलधन में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं बिजली चोरी के जुर्माने में भी 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जबकि दूसरे और तीसरे चरण में छूट कम हो जाएगी।

पहला चरण बुधवार को समाप्त होने से पहले ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता योजना में पंजीकरण कराने के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक योजना में 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर 70 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बिल और बिजली चोरी का जुर्माना जमा किया है। सोमवार को भी सर्किट हाउस स्थित अधिशासी अभियंता प्रथम और सेकेंड के कार्यालय के अलावा शहरी क्षेत्र के रामपुर गार्डन कार्यालय में उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या में भीड़ बकाया बिल जमा करने के लिए पहुंची।

 

संबंधित समाचार