दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे का कहर: सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसल, यात्री परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण मंगलवार को 100 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं और कम से कम 200 उड़ानों में देरी होने की सूचना है। दिल्ली हवाई अड्डे की वेबसाइट के अनुसार, सुबह आठ बजे तक विभिन्न एयरलाइंस की यहां से जाने वाली 50 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा, दूसरे शहरों से यहां आने वाली भी लगभग इतनी ही उड़ानें रद्द रहीं।

इसके अलावा 200 से अधिक उड़ानों में देरी होने की खबर है। दिल्ली हवाई अड्डे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया कि सोमवार रात 10 बजे के बाद से ही कैट-3 की प्रक्रिया के तहत उड़ानों का परिचालन शुरू कर दिया गया था। रात दो बजे के बाद कोहरा छांटना शुरू हुआ लेकिन उसका असर सुबह तक जारी रहा।

कैट-3 की प्रक्रिया के दौरान जो विमान और चालक दल के सदस्य कैट-3 के लिए योग्य हैं वही लैंडिंग और टेकऑफ कर सकते हैं। कैट-3 उपकरण समर्थित लैंडिंग और टेकऑफ की सबसे उन्नत सुविधा है जिसका इस्तेमाल बेहद घने कोहरे की स्थिति में किया जाता है। विमान सेवा कंपनियों ने भी यात्रियों को परामर्श जारी करते हुए एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति के बारे में पता करने की सलाह दी है। 

संबंधित समाचार