व्यापारियों ने बाजारों में जाम और अतिक्रमण का मुद्दा उठाया, जिलाधिकारी के साथ व्यापार बंधु की बैठक में जुटे विभिन्न संगठन
लखनऊ, अमृत विचार: कलक्ट्रेट डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की विशाख जी की अध्यक्षता में हुई व्यापार बंधु की बैठक बाजारों की समस्याओं के अलावा अतिक्रमण और जाम की समस्या को व्यापारी नेताओं ने प्रमुखता से उठाया। लखनऊ व्यापार मंडल, आदर्श व्यापार मंडल और अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल समेत कई संगठन के पदाधिकारियों ने को ज्ञापन भी सौंपे। जिलाधिकारियों ने जल्द समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
बैठक में लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि रकाबगंज सब्जी मंडी को हटाने के बाद भी जाम लगना वजीरगंज पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाता है। जाम के कारण नादान महल रोड, यहियागंज, पाण्डेयगंज, मौलवीगंज व नक्खास बाजार में कारोबार प्रभावित होता है। महामंत्री अनुराग मिश्र ने बताया कि चौक ठाकुरगंज, बालागंज, हरदोई रोड, ऐशबाग एवं सीतापुर रोड का केंद्र बिंदु है। यहां से
लगभग 5 लाख की आबादी का प्रतिदिन आवागमन होता है। केजीएमयू, लारी कार्डियोलॉजी संस्थान के गंभीर मरीज भी इधर से ही ले जाए जाते हैं। यहां जाम लगने से व्यापार प्रभावित होने के साथ मरीजों की जान पर भी बनी रहती है। अनुराग ने बकरा मंडी एवं फूल मंडी को तत्काल हटवाने की मांग की। हुसैनाबाद ट्रस्ट की भूमि पर अवैध कब्जे हटाने की बात भी कही। युवा अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने हाउस टैक्स, वाटर टैक्स, सीवर टैक्स, लाइसेंस शुल्क का मुद्दा उठाया।
उप्र. आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने जाम की समस्या के निस्तारण के लिए जिम्मेदार विभागों, व्यापारिक संगठनों, निजी अस्पतालों, मैरिज लान, गेस्ट हाउस, प्रमुख विद्यालयों, प्रमुख लोगों की बैठक कर योजना बनाने का सुझाव दिया। इसके अलावा बाजारों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए चरणबद्ध पटरी दुकानदारों को उचित स्थान पर व्यवस्थित करने की कार्य योजना बनाने की मांग भी रखी। ई कॉमर्स पॉलिसी एवं रिटेल ट्रेड पॉलिसी लागू किए जाने की मांग की। मुद्रा ऋण योजना की भी समीक्षा होनी चाहिए। साहूकारी लाइसेंस व्यवस्था को शुरू कराए जाने आदि मांगें रखी गईं। इस दौरान प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मो.अफजल, गुरप्रीत सिंह चड्ढा, राजीव शुक्ला, मोहित कपूर, इक़बाल हसन, श्याम सुंदर अग्रवाल, क्षितिज अवस्थी, मोहित कपूर रहे।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग ने कैसरबाग नजीराबाद अमीनाबाद लाटूश रोड, बास मंडी, नाका चारबाग मोलवीगज, रकाबगंज, नक्खास सहित तमाम बाजारों में ई-रिक्शा से लगने वाले जाम की समस्या उठाई। इसके निस्तारण की मांग की। इन व्यापारियों ने जीवन रक्षा के लिए व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की मांग भी की। युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अनीता अग्रवाल, राजीव कक्कड़,अनुज गौतम, अमरनाथ चौधरी, मुकेश कुमार नाग सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
