मंडलायुक्त सख्त: LDA के कामों की समीक्षा, हजरतगंज-नाजा मार्केट सौंदर्यीकरण में देरी पर फटकार
लखनऊ, अमृत विचार: सक्षम अधिकारी अगर निजी बिल्डरों की ओर से विकसित कॉलोनियों और टॉवरशिप की मॉनिटरिंग करें तो भविष्य में इन कालोनियों में बसने वाले लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। ये बात सोमवार को प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने दिए। उन्होंने ऐसी टाउनशिप में आधारभूत संरचनाओं व मूलभूत सुविधाओं की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
एलडीए के पारिजात सभागार में आयोजित बैठक में प्राधिकरण की प्रस्तावित आवासीय योजनाओं वरुण विहार, नैमिष नगर, आईटी सिटी एवं वेलनेस सिटी की समीक्षा की गई। इसमें लैंड पूलिंग व क्रय के माध्यम से किए जा रहे भूमि जुटाव के कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई।
इसके बाद इंटीग्रेटेड टाउनशिप नीति के तहत स्वीकृत की गई निजी विकासकर्ताओं की आवासीय परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें मंडलायुक्त ने कहा कि सभी टाउनशिप में एसटीपी का प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से निरीक्षण कराया जाए। टाउनशिप में ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी श्रेणी के भवनों का निर्माण प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए। हजरतगंज स्ट्रीट व नाजा मार्केट में कराए जा रहे सौंदर्यीकरण व प्लेस मेकिंग के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी भी जताई। बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार सिंह, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
