माघ मेले के लिए चलेंगे 500 बसें, परिवहन निगम ने की अधिकारियों-कर्मचारियों की व्यापक तैनाती

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

1 जनवरी से लागू होगी व्यवस्था

लखनऊ, अमृत विचारः प्रयागराज में होने वाले माघ मेला के लिए लखनऊ क्षेत्र से 500 बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए परिवहन निगम ने योजना तैयार कर ली है। मेला प्रशासन के अनुरोध पर डिपोवार आवंटन में बदलाव भी किया गया है।

संशोधित योजना के अनुसार बेलाकछार,विद्यावाहिनी व झूंसी,पटेल बाग अस्थायी बस स्टेशनों के लिए रायबरेली, चारबाग, कैसरबाग, अवध, आलमबाग उपनगरीय, हैदरगढ़ और बाराबंकी डिपो से निगम तथा अनुबंधित बसें तैनात की जाएंगी। कैसरबाग डिपो से संचालित बसें विशेष रूप से हरदोई प्रयागराज मार्ग पर चलेंगी। इसके अतिरिक्त, कुछ डिपो से रिजर्व बसों की व्यवस्था भी की गई है, जिससे यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तत्काल अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

डेड किलोमीटर कम रखने और यात्रियों के अनुसार संचालन के निर्देश

परिवहन निगम ने निर्देश दिए हैं कि मेले के दौरान डेड किलोमीटर न्यूनतम रखा जाए तथा बसों का संचालन यात्रियों की वास्तविक उपलब्धता के अनुसार किया जाए। मुख्य स्नान पर्वों से पहले और बाद में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी।क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य स्नान पर्वों के अतिरिक्त अन्य स्नान तिथियों के लिए भी अलग बस संचालन योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत लखनऊ क्षेत्र से 100 बसों का डिपोवार आवंटन किया गया है, ताकि पूरे मेला अवधि में यात्रियों को निरंतर परिवहन सुविधा मिलती रहे। रायबरेली-20,चारबागा-20, कैसरबाग-25, आलमबाग-5, अवध-5, हैदरगढ़-15 और बाराबंकी से 10 बसों का संचालन होगा। इसमें 60 बसें निगम की और 40 बसें अनुबंधित रहेगी।

मेला अधिकारी की नियुक्ति और डबल क्रू की व्यवस्था

परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से एआरएम रायबरेली डिपो दिनेश चंद्र श्रीवास्तव रायबरेली (मो. 8726005108) को माघ मेला का मेला अधिकारी नामित किया गया है। सभी डिपो को डबल क्रू (चालक–परिचालक) की व्यवस्था करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों के लिए स्पेयर स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

समन्वय पर विशेष जोर

सभी संबंधित अधिकारियों को प्रयागराज के क्षेत्रीय प्रबंधक व मेला अधिकारी से निरंतर समन्वय स्थापित कर उनके निर्देशानुसार कार्य करने को कहा गया है, ताकि माघ मेला के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और समयबद्ध परिवहन सुविधा सुनिश्चित की जा सके। प्रयागराज में माघ मेला के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन निगम ने विस्तृत संचालन व तैनाती योजना जारी की है। मेला प्राधिकरण प्रयागराज द्वारा माघ मेला का आयोजन 01 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। विशेष रूप से 14 जनवरी से 24 जनवरी 2026 के मध्य श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष निर्देश

सभी बसों की दूसरी चाभी मेला अधिकारी के पास रहेगी, जिससे आवश्यकता पड़ने पर बसों को तत्काल स्थानांतरित किया जा सके। 16 जनवरी से 50 रिजर्व बसें प्रयाग डिपो कार्यशाला, राजापुर में पार्क रहेंगी, जिनके लिए दो सुपरवाइजरों की तैनाती संबंधित मेला अधिकारी द्वारा की जाएगी। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्पेयर चालकों की भी तैनाती की गई है, जिनमें रायबरेली और चारबाग डिपो के चालक शामिल हैं।

संबंधित समाचार