Lucknow News:राजकीय आयुर्वेद कॉलेज में इलाज अधूरा, जांच को भटक रहे मरीज

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

एक्सरे मशीन खराब, पैथोलॉजी में सीमित जांच, रोजाना 1500 से अधिक मरीज ओपीडी में

लखनऊ, अमृत विचार : राजकीय आयुर्वेद कॉलेज की ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों को पूरी चिकित्सीय सुविधा नहीं मिल पा रही है। मरीजों को दवाएं तो अस्पताल से मिल रही हैं, लेकिन जरूरी जांच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। कॉलेज में लगी एक्सरे मशीन लंबे समय से खराब है, वहीं पैथोलॉजी विभाग में सीमित जांच की सुविधा होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कॉलेज में शल्य, पंचकर्म, गठिया, बाल रोग, काय चिकित्सा, ईएनटी सहित सात विभाग संचालित हैं। यहां प्रतिदिन 1500 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। चिकित्सक बीमारी के अनुसार रोजाना 10 से 15 मरीजों को एक्सरे कराने की सलाह देते हैं, लेकिन मशीन खराब होने के कारण जांच संभव नहीं हो पा रही है।

पैथोलॉजी विभाग में जांच के लिए शुल्क लिया जा रहा है, जबकि अन्य सरकारी अस्पतालों में खून की जांच नि:शुल्क हो रही है। ऐसे में मरीज जांच कराने के लिए दूसरे सरकारी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। प्रतिदिन केवल 10 से 15 मरीज ही कॉलेज की पैथोलॉजी में जांच करवा पा रहे हैं।

कॉलेज प्रशासन ने नई एक्सरे मशीन स्थापित किए जाने की मांग शासन से की है। इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश मौर्य के अनुसार, नई मशीन उपलब्ध होते ही मरीजों को जांच की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

संबंधित समाचार