'तुम्हारी न्यूड वीडियो वायरल कर दूंगा...' धमकी देकर डॉक्टर से ठगे 2.90 लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरा नगर इलाके में न्यूड वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डॉक्टर से जालसाजों ने 2.90 लाख रुपये ठग लिये। पीड़ित इंदिरानगर सेक्टर-16 के रहने वाले डॉ. हरिदास प्रसाद भारतीय ने गाजीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डॉ. हरिदास प्रसाद के मुताबिक 24 दिसंबर को उनके मोबाइल नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। जिसमें कॉलर ने खुद को पुलिस से जुड़ा बताते हुए कहा कि उनके पास पीड़ित का न्यूड वीडियो है। साथ ही धमकी दी गई कि यदि बताए गए नंबर पर बात कर रुपये नहीं दिए गए तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बदनामी के भय में पीड़ित ने कॉलर द्वारा बताए गए नंबरों पर संपर्क किया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से रुपये ट्रांसफर कराए। 24 दिसंबर को गूगल पे के माध्यम से 1 लाख 34 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कराए गए। वहीं 26 दिसंबर को इंडियन बैंक खाते से फिरोजाबाद स्थित खाते में 1 लाख रुपये बैंक काउंटर से स्थानांतरित कराए गए।

इसके अलावा एक अन्य आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ऑनलाइन माध्यम से 55 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित के बैंक खाते से कुल लगभग 2 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई। मामले की शिकायत पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन की है । इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्या के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

 

संबंधित समाचार