Bareilly : कोहरे में 7 ट्रेनें रद्द...दर्जनों ट्रेनों ने कराया घंटों इंतजार, बाघ 12 घंटे और गरीब नवाज एक्सप्रेस 4 घंटे लेट
बरेली, अमृत विचार। कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। ट्रेनों के घंटों देरी से आने से यात्रियों को कड़ाके की सर्दी में परेशान होना पड़ रहा है। वेटिंग रूम में भी जगह नहीं मिल रही है। सोमवार को भी 7 ट्रेनें कोहरे के चलते रद्द रहीं और दर्जनों ट्रेनों ने घंटों इंतजार कराया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम है। इसलिए संचालन प्रभावित हो रहा है। 12369 देहरादून कुंभ सुपरफास्ट, 15075 टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, 15909 लालगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस, 14618 पूर्णियां कोट जनसेवा एक्सप्रेस, 64176 रोजी बीआर पैसेंजर, 14523 अंबाला कैंट हरिहर एक्सप्रेस, 12210 कानपुर गरीब रथ एक्सप्रेस सोमवार को कोहरे के चलते रद्द रही। इसके अलावा 13019 काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस 12 घंटे, 12203 अमृतसर गरीब नवाज एक्सप्रेस 4 घंटे 32 मिनट, 12370 हावड़ा कुंभ सुपरफास्ट 4 घंटे, 12232 लखनऊ इंटरसिटी 4 घंटे 20 मिनट, 15910 डिब्रूगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस 1 घंटा 44 मिनट की देरी से आई।
बिहार-झारखंड की सीमा पर मालगाड़ी डिरेल होने से प्रभावित हुई ट्रेनें
बिहार-झारखंड की सीमा पर सीमेंट भरी मालगाड़ी पुल पर डिरेल होने से बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। रविवार को मालगाड़ी डिरेल होने के बाद रेल मार्ग 12 घंटे तक बाधित रहा। इसकी वजह से 15005-06 हावड़ा अमृतसर एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया। 13020-19 बाघ एक्सप्रेस को बरौनी स्टेशन से ही डायवर्ट कर दिया गया। 15006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस 30 दिसंबर को भी निरस्त रहेगी। वहीं 20503 राजधानी एक्सप्रेस, 12332-31 हिमगिरी एक्सप्रेस, 13152-51 कोलकाता एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई हैं। रेल लाइन को क्लियर करने का काम तेजी से चल रहा है। मंगलवार सुबह तक गाड़ियों का संचालन सामान्य हो जाएगा।
नए साल से जंक्शन तक आएगी पीलीभीत-बरेली सिटी पैसेंजर
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 55320 पीलीभीत-बरेली सिटी पैसेंजर का विस्तार 1 जनवरी से बरेली जंक्शन तक किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि ट्रेन पीलीभीत से संशोधित समय 13:25 बजे प्रस्थान कर पूर्व निर्धारित समय एवं स्टेशनों पर रुकते हुए बरेली सिटी 15:35 बजे पहुंचकर एवं 15:40 बजे प्रस्थान कर बरेली जंक्शन 15:55 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा 1 जनवरी से 55330 बरेली जंक्शन-कासगंज पैसेंजर बरेली जंक्शन से 17:25 बजे प्रस्थान कर पूर्व निर्धारित समय एवं स्टेशनों पर रुकते हुए कासगंज 20:30 बजे पहुंचेगी। परिचालन कारणों से निरस्त की गईं इज्जतनगर मंडल की 6 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन एक जनवरी से शुरू हो जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
