खबर का असर : तीनों अस्पतालों में बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीने फिर होंगी शुरू, हफ्ते में तीन दिन सोनोलॉजिस्ट देंगे सेवाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हफ्ते में तीन दिन सोनोलॉजिस्ट देंगे सेवाएं

लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी के तीन बड़े सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड जांच अब फिर से शुरू होने जा रही है। अपर निदेशक, लखनऊ मंडल की पहल पर तीनों अस्पतालों में सोनोलॉजिस्ट की तैनाती कर दी गई है, जो सप्ताह में तीन दिन अपनी सेवाएं देंगे। इससे गर्भवती महिलाओं समेत सामान्य मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

50 बेड संयुक्त चिकित्सालय चंदरनगर, आलमबाग की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 500 से 600 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें से 30 से 40 मरीजों को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड जांच की सलाह देते हैं। हालांकि, अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट पिछले एक वर्ष से गंभीर बीमारी के चलते अवकाश पर हैं। पहले चंदरनगर सीएचसी से सोनोलॉजिस्ट के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की जांच की जा रही थी, लेकिन उनके मातृत्व अवकाश पर चले जाने से जांच पूरी तरह ठप हो गई।

इसी तरह, ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने से करीब सात वर्षों से अल्ट्रासाउंड मशीन शोपीस बनी हुई थी। महानगर स्थित भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय में पुनर्नियुक्ति पर कार्यरत रेडियोलॉजिस्ट की सेवा अवधि समाप्त होने के बाद वहां भी जांच बंद हो गई थी।

तीनों अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड जांच बंद होने के मुद्दे को अमृत विचार में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। इसके तहत रामसागर मिश्रा अस्पताल में कार्यरत सोनोलॉजिस्ट डॉ. रियाजुद्दीन को बीआरडी महानगर अस्पताल, पीएसी 35वीं वाहिनी में तैनात डॉ. शशिकांत को आलमबाग 50 बेड संयुक्त चिकित्सालय व काकोरी सीएचसी प्रभारी डॉ. केडी मिश्रा को ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय से अटैच किया गया है।

अपर निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि तीनों अस्पतालों में अब नियमित रूप से सप्ताह में तीन दिन अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

संबंधित समाचार