अलीगंज: छात्र को पेड़ से बांधकर पीटा, फोटो वायरल
अमृत विचार, आंवला/अलीगंज। कबूतर पालने के विवाद में चल रही रंजिश को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक छात्र के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। छात्र के परिजनों ने पेड़ से बांधकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्र के पेड़ में बंधे होने का एक फोटो सोशल मीडिया …
अमृत विचार, आंवला/अलीगंज। कबूतर पालने के विवाद में चल रही रंजिश को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक छात्र के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। छात्र के परिजनों ने पेड़ से बांधकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्र के पेड़ में बंधे होने का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी थाने में तहरीर दी है।
थाना अलीगंज के गांव मंडोरा के रहने वाले शकील का आरोप है कि उनका बेटा शाकिब गांव के धार्मिक स्थल में पढ़ाई करने जाता है। वह धार्मिक स्थल में ही सो गया। वहां उसके साथ जीशान भी था। आरोप है कि गांव में ही रहने वाले दूसरे पक्ष के लोग उनके बेटे को मस्जिद से जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद उसे पेड़ से बांधकर जमकर पीटा जिससे शाकिब के गंभीर चोटें आईं। शकील ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
छात्र की मां फिरदौस ने बताया कि उनके बेटे की उम्र 12 वर्ष है। पेड़ से बांधकर बेटे के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही वह फौरन धार्मिक स्थल में गईं। उन्होंने पुलिस को भी फोन किया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल बेटे को पीएचसी मझगवां भेजा। यहां से उसे बरेली भेज दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के सूरज ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके और शाकिब के बीच कबूतर को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों ही कबूतर पालते हैं। उन्होंने बताया कि उनका घर धार्मिक स्थल के पीछे है। शाकिब सो रहा था। उसे उठाकर कबूतर पालने के विवाद को लेकर बातचीत की। इसी को लेकर झगड़ा हो गया।
दोनों पक्षों में कबूतर पालने को लेकर पहले झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
-रविकरन सिंह, थानाध्यक्ष
