Bareilly: बुजुर्गों में सांस की बीमारी बढ़ी, बच्चे विंटर डायरिया की चपेट में
बरेली, अमृत विचार। कड़ाके की ठंड में जहां बुजुर्गों में सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं तो वहीं बच्चे विंटर डायरिया और निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को बुखार रोगियों के साथ सांस रोगियों की भी संख्या अधिक रही। इसके अलावा त्वचा और अन्य रोगों के भी मरीज पहुंचे। कुल 1132 नए रोगियों का पंजीकरण हुआ।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. राहुल वाजपेई के अनुसार ठंड में मरीज सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ, बेचैनी की शिकायत कर रहे हैं। इनमें बुजुर्गों की संख्या ज्यादा है। बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं बाल रोग विभाग की ओपीडी में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को बच्चा वार्ड में भर्ती हुए तीन बच्चों में विंटर डायरिया के लक्षण मिले हैं। शनिवार तक जहां वार्ड में महज 5 बच्चे भर्ती थे, वहीं सोमवार को ये संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई है। जिनमें 5 बच्चे डायरिया से ग्रसित हैं।
शिविर में दिव्यांग हुए परेशान, करते रहे इंतजार
सीएमओ कार्यालय में सोमवार को आयोजित शिविर में दिव्यांगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह 8 बजे से दिव्यांगों का आना शुरू हो गया था, लेकिन डॉक्टर 12 बजे तक भी शिविर में जांच के लिए नहीं पहुंचे। ठंड के चलते दिव्यांग परेशान नजर आए। वहीं सभी को जांच की सुविधा नहीं मिल सकी। प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर दिव्यांग भटकते नजर आए।
