औद्योगिक विकास में आईआईए का योगदान मील का पत्थर : डीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले को औद्योगिक हब बनाने में तेजी, 7261 करोड़ निवेश धरातल पर

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट के लोक सभागार में आयोजित औद्योगिक क्षेत्र की बैठक में जिले के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, आधारभूत संरचना और विभागीय समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसीएशन (आईआईए) बाराबंकी चैप्टर के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।

आईआईए बाराबंकी चैप्टर के अध्यक्ष विधु गुप्ता ने जिला प्रशासन द्वारा जिले में तीन अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और 518.92 एकड़ भूमि औद्योगिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कुर्सी रोड औद्योगिक क्षेत्र में यूपीएसआईडीसी द्वारा किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए भी आभार व्यक्त किया।

बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि जिले में तीन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं कुर्सी-लखनऊ कनेक्टिंग रोड, देवा-फतेहपुर रोड और जहांगीराबाद-अयोध्या कनेक्टिंग रोड विकसित की जा रही हैं, जिससे उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स सुविधा प्राप्त होगी। जिलाधिकारी ने आईआईए की भूमिका की प्रशंसा करते हुए बताया कि संगठन के सहयोग से जिले में 

7,261 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजनाएं धरातल पर साकार हो सकी हैं, जो जिले के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित हुई हैं। बैठक में कुर्सी रोड औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण और सीवर लाइन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं, एसटीपी स्थापना में देरी पर चिंता व्यक्त की गई।

रामसनेही घाट औद्योगिक क्षेत्र में ले-आउट प्लानिंग और भूमि मूल्यांकन में देरी के कारण 300 करोड़ के निवेश में बाधा पर भी चर्चा हुई। डॉ. कैप्टन राजेश तिवारी ने बहुरौली गांव में प्रस्तावित सोलर पैनल फैक्ट्री के लिए विद्युत कनेक्शन में सहायता के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि आईआईए के साथ मिलकर फैक्ट्री एक्ट, 1948 के प्रति उद्योगों में जागरूकता फैलाने हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। बैठक के अंत में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अधिकारियों ने बाराबंकी में माल संग्रहण एवं प्रेषण के लिए प्रस्तावित टर्मिनलों से संबंधित आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

संबंधित समाचार