गोंडा में प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान के सामने भावुक हुए मंडलीय अधिकारी, जानें क्या कहा...
गोंडा। उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले में खादी ग्रामोद्योग की प्रदर्शनी का शुभारम्भ करने पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान के सामने मंच पर बोलते-बोलते देवीपाटन मंडल के परिक्षेत्रीय उपनिदेशक महेंद्र कुमार मिश्रा भावुक हो गये।
दरअसल, अफसर जब मंच पर विभागीय उपलब्धियों व प्रदर्शनी के बारे में संबोधित कर रहे थे तो अचानक बोलते-बोलते उनका गला भारी होने लगा और उन्होंने स्वयं बताया कि वे सरकार की चलायी जा रही विकास व रोजगार परक योजनाओं को लेकर सभी की सहभागिता को देखकर भावुक हों गये हैं। हालांकि मंडल स्तर के अधिकारी का प्रभारी मंत्री के समक्ष भावुक होने को लेकर लोगों में चर्चायें गर्म होने लगी।
इधर, प्रदर्शनी के शुभारम्भ के पश्चात मंत्री चौहान ने स्टालों का अवलोकन कर सभी लाभार्थियों को पुरस्कृत किया और विश्वकर्मा योजना के तहत लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की। उन्होंने मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुये कहा कि योगी सरकार बिना जाति धर्म पंथ मजहब के भेदभाव किये सभी वर्गों के लिये रोजगार व विकास कार्यों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आसपास के कई जिलों को मिलकर कुल 120 स्टाल लगवाये गये हैं। प्रदर्शनी व मेले का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जा रहा हैं। गोण्डा के मेले पर करीब तीस लाख की धनराशि व्यय होगी।
मंत्री ने बताया कि जिले में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिये मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन द्वारा आर्गा ब्रांड की बिक्री शोरूम की शुरुआत की गयी थी जो अब ऑनलाइन बिजनेस ऐप पर भी हो रही हैं जिससे जिले भर के स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भरता संग लाभ भी मिल रहा हैं।
