नए साल 2026 का स्वागत: पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने दी शुभकामनाएं, शांति-खुशहाली की कामना की
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और समाज में शांति और खुशहाली की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सभी को 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं! यह वर्ष आपके लिए उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। आपके प्रयासों में सफलता मिले और आपके सभी कार्यों में पूर्णता लेकर आए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘समाज में शांति एवं खुशहाली की कामना करता हूं।
https://twitter.com/narendramodi/status/2006551017203315045?s=20
नववर्ष पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
आशा है 2026 भारत को और मजबूत, विकसित बनाने के संकल्प को सुदृढ़ करेगा। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बृहस्पतिवार को लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वर्ष 2026 भारत को और मजबूत राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती देगा। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के लिए शांति, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कामना की कि यह वर्ष एक मजबूत और विकसित भारत के निर्माण के लोगों के सामूहिक संकल्प को सशक्त करे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को प्रदेश एवं देशवासियों को नये वर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आशा व्यक्त की है कि वर्ष 2026 समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों के लिए सुख, शान्ति, सद्भाव, समृद्धि एवं अनंत सफलताओं का वर्ष होगा।
मुख्यमंत्री कुमार ने विश्वास व्यक्त किया है कि आनेवाले वर्ष में बिहार देश ही नहीं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकेगा। उन्होंने कहा है कि नववर्ष में सबके सम्मिलित प्रयास से सुखी, समृद्ध एवं गौरवशाली बिहार के निर्माण का संकल्प पूरा होगा।
नववर्ष पर राजस्थान के राज्यपाल ने दी बधाई और शुभकामनाएं
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने बुधवार को नव वर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बागडे ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि नव वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लाये। उन्होंने नये साल में हर पल, हर दिन कुछ नया करते हुए राष्ट्र और समाज के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने का आह्वान किया है।
नया वर्ष नए संकल्पों, नई ऊर्जा और नए अवसरों का प्रतीक : मंगुभाई पटेल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा है कि नया वर्ष नए संकल्पों, नई ऊर्जा और नए अवसरों का प्रतीक है। यह समय है कि बीते अनुभवों से सीख लेते हुए मध्यप्रदेश को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लिया जाए। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।
किसान, युवा, महिलाएँ और वंचित वर्गों का कल्याण सरकार की नीतियों के केंद्र में है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढाँचे और निवेश के क्षेत्र में संतुलित विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि को लाभकारी बनाना, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना तथा मातृशक्ति को सशक्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधन और पर्यटन संभावनाएँ हमारे गौरव का आधार हैं।
पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बिना समृद्धि संभव नहीं है, इसे हमेशा स्मरण रखना होगा। राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेशवासियों से सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, जल संरक्षण और संवैधानिक मूल्यों को अपनाते हुए विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने नववर्ष 2026 में एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
बिरला ने दी देशवासियों को नव वर्ष की बधाई
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साल आपके जीवन में नया संकल्प, नई ऊर्जा और आत्मविश्वास लेकर आये। श्री बिरला ने नव वर्ष की बधाई संदेश में कहा कि नव वर्ष आपके जीवन में नया संकल्प, नई ऊर्जा, नये आत्मविश्वास के साथ जीवन में खुशियां लेकर आये। हम सामूहिक मिलकर देश और प्रदेश को नये विकास के आयाम पर पहुंचाने में, सामाजित जनकल्याण में और किस तरीके से हमारे योगदान से देश और प्रदेश को बढाने में मदद मिल सके इसके लिए प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नया वर्ष हम सबके लिए तारीख बदलने का नहीं है। नया वर्ष हम सब के जीवन में नई ऊर्जा, नये उत्साह के संकल्प का दिन है। हम अपने व्यक्तिगत जीवन में भी नये संकल्प के साथ जीवन की शुरुआत करें ताकि हमने जीवन में जो लक्ष्य तय किये हैं उन लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
हमेशा जीवन में आत्मविश्वास, उत्साह, उमंग बना रहे। हर चुनौतियों, हर संकट, हर आपदा के अन्दर भी अवसर को तलाशने का प्रयास करें। जब भी जीवन में आपदा, संकट औऱ चुनौतियां आये तब कुछ देर संयमित रहकर उससे निपटने का प्रयास करना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे आशा है नव वर्ष में नये संकल्प और नई ऊर्जा के साथ नई उत्साह और उमंग के लेकर आये। आपका जीवन खुशहाल और समृद्ध हो।
वर्ष 2050 तक समृद्ध और न्यायपूर्ण झारखंड बनाने के लिए काम कर रही है सरकार: सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को नये साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सरकार साल 2050 तक झारखंड को एक समृद्ध, न्यायपूर्ण राज्य बनाने और सतत प्रगति की राह पर ले जाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसी नीतियों और योजनाओं पर जोर दे रही है, जिनके केंद्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकार व सम्मान हों।
उन्होंने कहा, ‘‘नया साल हमारे वीर पूर्वजों के ‘सोना झारखंड’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’ उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड ने बीते वर्षों में संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की एक लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में राज्य के नागरिकों, विशेषकर आदिवासी, मूलवासी, किसान, श्रमिक, महिलाओं और युवा वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
हमने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। अब युवा झारखंड का लक्ष्य और अधिक स्पष्ट है - 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण।’’
ये भी पढ़े :
Happy New Year in New Zealand: आतिशबाजी के साथ ऑकलैंड शहर में नये साल 2026 की शुरुआत
