Bareilly : गैंगस्टर बनेगा 800 करोड़ के घोटाले का महाठग गुलाटी
बरेली, अमृत विचार। लोगों को आशियाने का सपना दिखा कर और रकम दोगुना करने के नाम पर 800 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले महाठग कन्हैया लाल गुलाटी का करोड़ों का काला साम्राज्य अब बिखरने लगा है। बरेली से लेकर पीलीभीत, शाहजहांपुर और दूसरे प्रदेशों में गुलाटी पर अब तक 40 मुकदमे दर्ज किये जा चुके हैं। करीब 800 करोड़ के घोटाले पर डीआईजी अजय कुमार साहनी ने गुलाटी पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर प्रापर्टी अटैच कर नीलाम करने और हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं।
बारादरी के शहदाना कॉलोनी निवासी कैनविज ग्रुप के सीईओ कन्हैया लाल गुलाटी के खिलाफ कुल 40 मुकदमे दर्ज हैं। बरेली में 33, शाहजहांपुर में 2, अयोध्या और कासगंज में 1-1, जबकि बिहार और झारखंड में 2 मामलों में उसका नाम सामने आया है। जांच में साफ हुआ कि डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने और सुरक्षित निवेश के झांसे में फंसाकर उसने लोगों की जीवनभर की पूंजी हड़प ली। ठगी का दायरा आम निवेशकों तक सीमित नहीं रहा। डॉक्टर, व्यापारी और नेता भी गुलाटी की चकाचौंध, महंगे दफ्तर, लक्जरी गाड़ियां और आकर्षक छलावे वाली योजनाओं का शिकार हुए। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए पीड़ित रोज सामने आ रहे हैं।
डीआईजी के निर्देश पर ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अदालत में सख्त पैरवी की जा रही है ताकि आरोपी को जल्द कठोर सजा मिल सके। कन्हैया गुलाटी अकेला नहीं है। उसके ठगी नेटवर्क में शामिल मौ. यासीन और आशीष महाजन पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आशीष महाजन के खिलाफ बारादरी और प्रेमनगर थानों में 10 मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस इनके रोल की भी गहन जांच कर रही है। इनमें से कई ऐसे हैं। जिन्होंने मुखौटा नामों से प्रापर्टी जब्त कर ली है।
