उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में बर्फीली हवाएं ढा रहीं कहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों भीषण सर्दी की चपेट में है। यूपी समेत कई राज्यों में तापमान गिरने का सिलसिला जारी है। वहीं राजधानी दिल्ली में पश्चिमी हिमालय से चली बर्फीली हवाओं की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और शुक्रवार ‘बेहद ठंडा’ दिन हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) …

नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों भीषण सर्दी की चपेट में है। यूपी समेत कई राज्यों में तापमान गिरने का सिलसिला जारी है। वहीं राजधानी दिल्ली में पश्चिमी हिमालय से चली बर्फीली हवाओं की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और शुक्रवार ‘बेहद ठंडा’ दिन हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार को शहर में ‘बेहद ठंडा’ दिन रहा क्योंकि अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है और इस मौसम का यह अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है।

मौसम से संबंधित शहर के आंकड़े मुहैया कराने वाली सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं पालम स्टेशन ने न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। ”ठंडा दिन” उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। वहीं ‘बेहद ठंडा दिन’ तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे हो।

आईएमडी ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में ‘शीत लहर’ चलने का पूर्वानमान है और इसके सोमवार तक जारी रहने की संभावना है। आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान लगातार दो दिन तक 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों के लिए शीत लहर की घोषण तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं।

संबंधित समाचार