Moradabad: ठंड में दिल का रखें ख्याल, सुबह की सैर से करें परहेज
मुरादाबाद, अमृत विचार। ठंड के मौसम में हृदय संबंधित परेशानियां तेजी से बढ़ने लगी हैं। बुजुर्ग ही नहीं युवा भी दिल की समस्या लेकर रोज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार सर्दी के मौसम में तापमान कम होने से खून के थक्के जमने लगते हैं।
जिला अस्पताल में चेस्ट फिजिशियन डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि सर्दी का सबसे ज्यादा असर हृदय के रोगियों पर पड़ता है। हृदय रोगियों के लिए सुबह चार बजे से लेकर 10 बजे तक का समय अधिक संवेदनशील होता है। ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक का खतरा रहता है। जिला अस्पताल में रोजाना हृदय से संबंधी परेशानी लेकर 20-25 मरीज पहुंच रहे हैं।
जनरल फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि दिल से संबंधित रोगियों में प्रारंभिक जांच में ब्लड प्रेशर, शुगर, पॉलीस्ट्राल, ईसीजी और जरूरत पड़ने पर टीएमटी व ईको टेस्ट कराया जाता है। सर्दियों में हार्ट अटैक के मामले बढ़ जाते हैं। क्योंकि, सर्दी में शारीरिक गतिविधि कम होने से कोलेस्ट्रोल बढ़ने की संभावना रहती है। डाइट अधिक लेने से धमनियों में क्लाटिंग हो जाती है। जो हार्ट अटैक या डिसीज की संभावना को अधिक कर देती है। ठंड में दिल को मजबूत रखने के लिए पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। अपने आहार में हरी सब्जियां, ड्राई फ्रूट, दूध को शामिल करें।
