यूपी महिला क्रिकेटरों का जोरदार कमबैक: कल से शुरू होगा हाई-इंटेंस फिटनेस कैंप, लखनऊ की 9 खिलाड़ियां शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: नए वर्ष में आगामी राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं की तैयारियों को मजबूती देने के लिए उत्तर प्रदेश की चुनिंदा महिला क्रिकेटरों का अभ्यास कैंप 3 जनवरी से सेज स्टेडियम, लखनऊ में शुरू होगा। 12 जनवरी तक चलने वाले इस दस दिवसीय फिटनेस व प्रशिक्षण कैंप में प्रदेश की कुल 31 महिला खिलाड़ी भाग लेंगी, जिनमें लखनऊ की 9 खिलाड़ी शामिल हैं। अगले महीने शुरू होने वाली सीनियर वीमेंस वनडे ट्रॉफी और अंडर-23 वीमेंस वनडे ट्रॉफी को देखते हुए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने यह तैयारी कैंप आयोजित किया है।

कैंप का संचालन यूपी महिला क्रिकेट चयन समिति की चेयरमैन एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रियंका शैली के निर्देशन में किया जाएगा। कैंप के दौरान छह सदस्यीय कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और मैच तैयारी का आकलन करेगा। इस फिटनेस कैंप में सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों की खिलाड़ी एक साथ अभ्यास करेंगी, जिससे युवा खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ मिलेगा। सीनियर वर्ग में लखनऊ की आरजू सिंह, सोनाली सिंह, शिल्पी यादव, अरोमा त्यागी और संध्या क्षेत्री को जगह मिली है।

वहीं अंडर-23 आयुवर्ग में लखनऊ की संध्या यादव, शशि बालन, अंशू तिवारी और अन्वेषा चटर्जी अभ्यास करती नजर आएंगी।

फिटनेस कैंप में खिलाड़ी अपनी तैयारी शुरू करेंगे। कैंप में सीनियर खिलाड़ी भी मौजूद हैं, जो जूनियर खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेंगे। सीनियर वर्ग में 15 और अंडर-23 आयुवर्ग में 14 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है

प्रियंका शैली, चेयरमैन, यूपी महिला क्रिकेट चयन समिति

टीम सूची

सीनियर महिला टीम-

अंजली सिंह, एकता सिंह, शिल्पी यादव, अल्मास भारद्वाज, नीशू चौधरी, आरजू सिंह, तनु काला, सोनाली सिंह, गरिमा यादव, वरनिका, मुस्कान मलिक, तृप्ति सिंह, संपदा दीक्षित, निशी कश्यप, सोती।

अंडर-23 महिला टीम-

अर्चना देवी, फलक नाज, खुशी त्यागी, संध्या यादव, संध्या क्षेत्री, रामा कुशवाहा, शारदा तिवारी, सोनम यादव, बबिता यादव, अमीषा, अन्वेषा चटर्जी, अरोमा त्यागी, भूमि सिंह, शशि बालन, कुमारी दिशा, मनीषा चौधरी।

यह कैंप प्रदेश की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

संबंधित समाचार