Bareilly : किशोरी को ले जा रहे थे गैर समुदाय के दो युवक, लव जिहाद के आरोप में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बहनों को तलाशने निकले बाइक सवार भाई को ई-रिक्शा से रौंदने का किया गया प्रयास

बरेली/अलीगंज, अमृत विचार। अलीगंज थाना क्षेत्र में कोचिंग पढ़ने के लिए निकली दो किशोरियों को गैर समुदाय के दो युवक बहला फुसलाकर ई-रिक्शा से अपने साथ लेकर रवाना हुए। इसकी भनक लगते ही गैनी के बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ई-रिक्शा की घेराबंदी कर लव जिहाद बताते हुए जमकर हंगामा किए। उधर, बहनों की तलाश के लिए निकले भाई की बाइक को भी आरोपियों ने रौंदने का प्रयास किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

थाना क्षेत्र के एक गांव की दो किशोरियां गुरुवार की दोपहर कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थीं। थाना बिशारतगंज क्षेत्र के मस्जिद वाली गली मझगवां निवासी आबिद और राहिब दोनों किशोरियों को बहला फुसला कर एक ई-रिक्शा से कहीं ले जा रहे थे। इसकी जानकारी होते ही कुछ बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किशोरियों के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पर एक किशोरी के दो भाई बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बताई गई दिशा की ओर बाइक से तलाश करने रामगंगा तक गए, लेकिन उन्हें वह ई-रिक्शा दिखाई नहीं दिया। वापस लौटने लगे तो अचानक पीछे से आए ई-रिक्शा सवार युवकों ने भाइयों की मोटर साइकिल को रौदने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे कुछ बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने ई-रिक्शा पर सवार समुदाय विशेष के दोनों युवकों और किशोरियों को दबोच लिया और मामला लव जिहाद का बताते हुए जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार