Moradabad : अपार आईडी कार्य पूरा न करने पर 18 विद्यालय को नोटिस जारी
दो साल बाद भी अपार आईडी बनवाने का कार्य अधर में
मुरादाबाद, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध जिले के 429 विद्यालयों में कक्षा 6 से 12वीं तक अध्ययनरत 6 लाख से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य दो वर्षों में भी पूरा नहीं हो सका है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक मात्र 45 प्रतिशत अपार आईडी नहीं बन पाई हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए 18 विद्यालयों को जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोटिस जारी किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पिछले दो वर्ष से माध्यमिक शिक्षा परिषद के संबद्ध विद्यालय में छात्र प्रोफाइल कॉलेज यूडाइस पोर्टल अपलोड अपार आईडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। हालांकि निर्धारित समय भी निकल चुका है इसके बाद कई बार विद्यालयों प्रधानाचार्य को मौका दिया गया था। फिर भी जिले में 45 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। शुक्रवार को सभी विद्यालयों की प्रगति जानने के लिए ऑनलाइन बैठक में अपार आईडी और परीक्षा पे चर्चा की समीक्षा की गई। इस दौरान यह भी सामने आया कि 15 ऐसे विद्यालय हैं, जहां अपार आईडी बनाने की प्रगति महज 5 प्रतिशत रही। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी कर दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। दिए समय के भीतर स्पष्टीकरण न देने पर शासन इसकी रिपोर्ट कार्रवाई की जाएगी। उधर, आगामी परीक्षाओं को लेकर आवश्यक तैयारियों में भी बड़ी खामियां पाई गई हैं। विभागीय निर्देशों के बावजूद लगभग 200 विद्यालय परीक्षा संबंधी कार्यों को समय पर पूरा नहीं कर पाए हैं। इन विद्यालयों में परीक्षा पे चर्चा को लेकर अध्यापकों और अभिभावकों के साथ अनिवार्य चर्चा होनी थी, साथ ही छात्रों के पंजीकरण का कार्य भी कराया जाना था, जो अब तक अधूरा है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अभिभावकों और छात्रों में भी अपार आईडी और परीक्षा तैयारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
अपार आईडी बनाने में पिछड़े इन विद्यालयों को नोटिस जारी हुआ
1-तस्लीमा मेमोरियल पंडित नगला
2-पवार इंटर कॉलेज, गाजीपुरा
3-आरके इंटर कॉलेज, काजीपुरा
4-बीएचए. इंटर कॉलेज, कटघर
5-फलाहे दारेन इंटर कॉलेज
6-नेशनल मॉडर्न स्कूल, बाईपास, करुला
7-ओमवती राजा राम इंटर कॉलेज
8- भारतीय बाल विद्या मंदिर
9-विकास इंटर कॉलेज, दुर्गा कॉलोनी, सिहोरा गोविंद
10-सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज , गुलाबबाड़ी
11-तोता राम सैनी (टीआरएस) मेमोरियल हायर सेन एसईसी एससीएच स्कूल
12-एमए. इंटर कॉलेज काजीपुरा रोड (मऊ)
13-सावित्री बाई फुले कन्या इंटर कॉलेज, शाहपुर तिगरी
14-श्रीमती श्यामो देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज सूरज नगर
15-साजिद इंटर कॉलेज, मुरादाबाद,
16-ओंकार सरन गर्ल्स इंटर कॉलेज, जयंतीपुर रोड
17-सुरभि शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज
18-केआर कन्या इंटर कॉलेज, दुर्गेश नगर
