समाज सेवा में व्यापारी वर्ग दानवीर: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की सराहना, रेडक्रॉस ने अस्पतालों को सौंपे स्ट्रेचर-व्हीलचेयर
लखनऊ, अमृत विचार : इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से शुक्रवार को सरकारी अस्पतालों को उपकरण, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर वितरण के लिए सिविल अस्पताल परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उपमुख्यमंत्री व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन ब्रजेश पाठक ने सिविल, बलरामपुर और लोकबंधु अस्पताल के अधिकारियों को उपकरण सौंपे। तीनों अस्पतालों के लिए 30 स्ट्रेचर, 30 व्हीलचेयर और 1000 पल्स ऑक्सीमीटर समान रूप से दिए गए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी वर्ग सदैव समाज सेवा और दान कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। इसी कारण उन्हें भामाशाह स्वरूप दानवीर कहा जाता है। उन्होंने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी किम ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।सोसाइटी के लखनऊ शाखा चेयरमैन ओपी पाठक और सचिव अमरनाथ मिश्र ने मुख्य अतिथि के अलावा विशिष्ट अतिथि रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव रामानंद कटियार और स्वास्थ्य विभाग लखनऊ मंडल के अपर निदेशक व वरिष्ठ आर्थोसर्जन डॉ. जीपी गुप्ता को सम्मानित किया गया। कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
अस्पताल निदेशकों और दानवीर भी हुए सम्मानित
समारोह में सिविल अस्पताल की निदेशक डॉ. कजली गुप्ता व सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय, बलरामपुर अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता आर्या व सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी और लोकबंधु अस्पताल की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता और रेडक्रॉस सोसाइटी को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर प्रदान करने वाले दानदाता व्यापारी नवीन गुप्ता, अमित अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, राज कुमार अग्रवाल, दीपक अग्रवाल और रजत कुमार गुप्ता को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
