पांच दिन बाद भी नहीं पहुंचे रेडियोलॉजिस्ट, तीन अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

स्वास्थ्य विभाग के आदेश बेअसर, जांच के लिए मरीजों को दूसरे अस्पतालों व निजी केंद्रों के चक्कर लगाने की मजबूरी

लखनऊ, अमृत विचार : शहर के तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड जांच ठप है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेडियोलॉजिस्ट को संबद्ध करने का अदेश हुए पांच दिन बाद भी डॉक्टरों ने अस्पतालों में जांच शुरू नहीं की है। इससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें दूसरे सरकारी अस्पतालों या निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है।

बीआरडी महानगर अस्पताल, आलमबाग चंदर नगर स्थित 50 बेड संयुक्त अस्पताल और ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच बंद है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों ने मामला संज्ञान में लिया था। इसके बाद लखनऊ मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जीपी गुप्ता ने तीनों अस्पतालों के लिए रेडियोलॉजिस्ट को संबद्ध करने के आदेश जारी किए थे।

आदेश के तहत बीकेटी साढ़ामऊ स्थित रामसागर मिश्र संयुक्त अस्पताल में तैनात डॉ. रियाजुद्दीन को बीआरडी महानगर अस्पताल, पीएसी 35वीं वाहिनी में कार्यरत डॉ. शशिकांत को आलमबाग चंदर नगर के 50 बेड अस्पताल और काकोरी सीएचसी प्रभारी डॉ. केडी मिश्रा को ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल से संबद्ध किया गया था। निर्देशों में स्पष्ट किया गया था कि तीनों डॉक्टर सप्ताह में तीन दिन संबंधित अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड जांच करेंगे।

हालांकि आदेश जारी होने के पांच दिन बाद भी किसी भी अस्पताल में विशेषज्ञ नहीं पहुंचे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज जांच के लिए अस्पतालों से खाली हाथ लौट रहे हैं। कई मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों पर अधिक खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है। इस संबंध में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जीपी गुप्ता ने कहा कि संबद्ध किए गए डॉक्टरों से इस लापरवाही को लेकर पूछताछ की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार