अमरनाथ की हैट्रिक से चारबाग डिपो क्वार्टर फाइनल में... UPSRTC इंटर डिपो नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट
लखनऊ, अमृत विचार : कप्तान अमरनाथ सहाय की शानदार हैट्रिक के दम पर चारबाग डिपो ने शुक्रवार को यूपीएसआरटीसी इंटर डिपो नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रीक्वार्टर फाइनल में एसएम ऑफिस को 79 रनों से हराया और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अमरनाथ को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कॉल्विन ताल्लुकेदार्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में चारबाग डिपो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अमरनाथ सहाय (13) और मोहम्मद अशरफ (57) ने टीम को सधी शुरुआत दी। मध्यक्रम ने भी उपयोगी योगदान देकर स्कोर चुनौतीपूर्ण बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएम ऑफिस की टीम दबाव में रही और चार विकेट खोकर केवल 44 रन ही बना सकी। अमरनाथ सहाय ने लगातार तीन विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को पसीना बहाया।
दिन के अन्य मुकाबलों में आलमबाग डिपो ने आरएम ऑफिस को छह विकेट से हराया। आरएम ऑफिस ने पांच विकेट पर 64 रन बनाए, जबकि आलमबाग ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। वहीं यूपीएन सुपर किंग्स ने बाराबंकी डिपो को 19 रनों से मात दी; यूपीएन ने 82 रन बनाए, जबकि बाराबंकी की टीम 63 रन पर आउट हो गई।
