Bareilly : भुवनेश्वर के खराब मौसम से बरेली-मुंबई फ्लाइट रद्द...219 यात्री हुए प्रभावित
बरेली, अमृत विचार। बरेली के मौसम से ज्यादा खराब मौसम शुक्रवार को भुवनेश्वर का रहा। इसकी वजह से बरेली-मुंबई फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया। दरअसल मुंबई से बरेली आने वाली फ्लाइट पहले भुवनेश्वर से मुंबई आती है।
शुक्रवार को भुवनेश्वर का मौसम बेहद खराब रहा। बरेली एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि भुवनेश्वर से मुंबई आने वाली फ्लाइट करीब ढाई घंटे लेट थी। ऐसे में जब फ्लाइट मुंबई देरी से पहुंची तो बरेली भी उतने ही घंटे देरी से आती, जबकि 2:20 बजे बरेली पहुंचने का समय है।
फ्लाइट यदि मुंबई से उड़ान भरती तो करीब 5 बजे बरेली पहुंचती, फिर खराब मौसम से उड़ान भरने में दिक्कत होती। ऐसी स्थिति को देखते हुए बरेली-मुंबई फ्लाइट निरस्त कर दी। मुंबई और बरेली से 219-219 यात्री आने-जाने थे। यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसके दृष्टिगत उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया गया।
