IPL 2026: BCCI के निर्देश पर KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को किया रिलीज, रिप्लेसमेंट की मिलेगी अनुमति

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 सीजन से पहले अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश पर लिया गया है।

KKR ने आधिकारिक बयान में कहा, "कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करती है कि IPL के नियामक BCCI/IPL ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह रिलीज उचित प्रक्रिया और परामर्श के बाद की गई है।"

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर KKR कोई रिप्लेसमेंट खिलाड़ी मांगती है, तो बोर्ड उसकी अनुमति देगा और आगे की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।

मुस्तफिजुर को KKR ने दिसंबर 2025 में हुई मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की रिपोर्ट्स के बाद इस साइनिंग पर विवाद खड़ा हो गया था। मुस्तफिजुर IPL 2026 में खेलने वाले एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे।

अब KKR की नजरें रिप्लेसमेंट पर होंगी, ताकि उनकी गेंदबाजी इकाई मजबूत रहे। IPL 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं और यह अपडेट टीम की रणनीति पर असर डालेगा।

संबंधित समाचार