Moradabad: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर की कार्रवाई, जागरूक भी किया
मुरादाबाद, अमृत विचार। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शुक्रवार को यातायात पुलिस ने महानगर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर विशेष अभियान चलाया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने तथा सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
शुक्रवार को यातायात जिला प्रभारी मिथलेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत कुल 550 लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में कुल 483 ई-चालान काटे। अधिकारियों ने चौराहों पर हाईवे पर नियमों का उल्लंघन कर बाइक दौड़ा रहे बाइक सवारों को रोक कर उन्हें नियमों का पालन न करने की स्थिति में होने वाली जनहानि के बारे विस्तार से बताया और नियमों का पालन करने की अपील की। कहा कि वह अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की गई। यातायात पुलिस ने विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 149, बिना सीट बेल्ट 13, ओवर स्पीड में 29, ट्रिपल राइडिंग 10, बिना ड्राइविंग लाइसेंस 46,नो-पार्किंग: 83, बिना इंश्योरेंस 20 चालान किए। जिला प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में कुल 483 ई-चालान जारी किए। आमजन से अपील की गई कि वह अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
