Moradabad: कम नहीं हो रहा कोहरे का कहर, दृश्यता बेहद कम, शीतलहर ने पैदा की ठिठुरन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोहरे और शीतलहर का कहर कम नहीं हो रहा है। नये साल के दूसरे दिन कोहरे और शीतलहर से लोग ठिठुर गए। लोगों की कंपकपी छूट गई। कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम रही। हर जतन करने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। घरों में रजाई और कंबल में दुबके लोग भी कांपते रहे।

नये साल के दूसरे दिन शुक्रवार को और गलन बढ़ने से जनजीवन बेपटरी हो गया। सूरज का दर्शन न होने से पूरे दिन ठंडी हवा ने लोगों को कंपा दिया। हीटर, ब्लोअर, कंबल, रजाई भी काम नहीं आए। वहीं सड़क किनारे रात बिताने वाले निराश्रित व बेसहारों पर ठंड किसी जुल्म से कम नहीं रहा। पार्कों में सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर चहल पहल अन्य दिनों की तुलना में कम रही। कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूल, कॉलेजों में छुट्टियां सरकार ने बढ़ा दीं हैं। कई स्कूल शुक्रवार को खुले रहे। 

जिससे छात्र-छात्राओं को ठिठुरते हुए जाना पड़ा। हालांकि कक्षाओं में उपस्थिति कम रही। कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र9छात्राओं को ठंड झेलनी भारी पड़ रही है। इन दिनों बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित और संबद्ध स्कूलों में 14 जनवरी तक शीतकालीन सत्र का अवकाश होने से छोटे बच्चों को राहत है। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलने के बाद भी लोग ठंड से राहत पाने के लिए परेशान हैं। 

जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से रात में अलाव व कंबल वितरण के अलावा रैन बसेरों में प्रबंधों की लगातार मानीटरिंग की जा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 75 प्रतिशत रहने से वातावरण में अधिक नमी रही। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान एक डिग्री और कम रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। हल्की बारिश भी हो सकती है।

 

संबंधित समाचार