Moradabad: महंगाई की मार...10 दिन में 15 फीसदी उछली चांदी, बाजार से मुंह फेर रहे ग्राहक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोना-चांदी के तेजी के बढ़ते दामों ने सराफा बाजार को ठंडा कर दिया है। बीते करीब 10 दिनों में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 10 दिनों में चांदी की कीमतों में 15.8 फीसदी तेजी आई है, जिसके बाद चांदी 2,51,000 प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

वहीं, सोने की चमक बरकरार है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले प्रति 10 ग्राम सोना (24 कैरेट) की कीमत 1,42,615 रुपये के नए रिकॉर्ड स्तर को छू रहा है। इससे सोने-चांदी में निवेश करने वालों की चांदी है। लेकिन आम लोगों और सराफा कारोबारियों को बेतहाशा बढ़ते दामों से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कारोबारियों का मानना है कि वैश्विक अस्थिरता और औद्योगिक मांग के चलते अचानक सोने-चांदी के दामों में तेजी आई है। 2025 की शुरुआत से अब तक चांदी में 163 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में चांदी 75 प्रति औंस के पार निकल गई है, जिसका सीधा असर बरेलू सराफा बाजारों पर दिख रहा है।

ग्राहक आते हैं, दाम पूछकर चले जाते हैं
गंज बाजार में सराफा कारोबारी दिनेश वर्मा ने बताया कि पहले जो चांदी की 50 ग्राम की पायल 4300 रुपये में मिल जाती थी, वह अब 12550 रुपये में मिल रही है। आभूषणों के दामों में तेजी आने से लोग खरीदारी नहीं कर रहे है। ग्राहक आते हैं, दाम पूछते हैं और चले जाते हैं। महंगाई की सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। लोग नए आभूषण खरीदने के बजाय पुराने सोने-चांदी को बदलकर काम चला रहे हैं। ग्राहक भारी वजन के आभूषण लेने के बजाय हल्के डिजाइन ही पसंद कर रहे हैं।

दोनों धातुओं के अभी और दाम बढ़ने की उम्मीद
सराफा कारोबारी वासु रस्तोगी ने बताया कि औद्योगिक मांग बढ़ने की वजह से चांदी के दामों में बढ़ोतरी आई है। ईवी में इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स ज्यादा लगते हैं। हर ईवी में औसतन पेट्रोल-डीजल इंजन गाड़ियों से दो से तीन गुना ज्यादा सिल्वर का प्रयोग होता है। चीन विश्व में इलेक्ट्रिक वाहनों का सबसे बड़ा निर्माता देश है। वह तेजी से चांदी का संग्रह कर रहा है। उसने एक जनवरी 2026 से चांदी के सभी निर्यात के लिए सरकारी लाइसेंस अनिवार्य कर दिया है। चीन के बड़े पैमाने पर खरीदारी से कीमतों में उछाल आया है। अभी इसके दाम कई गुना तक बढ़ने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार