बाराबंकी में रफ्तार का कहर : हादसों में किशोर समेत दो की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार।  शनिवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 13 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत किशोर अलाव ताप रहा था, जिसे तेज रफ्तार पिकप ने टक्कर मार दी। फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बिसुनपुर निवासी संजय कुमार का 13 वर्षीय पुत्र सत्यम शनिवार सुबह घर के पास अलाव ताप रहा था।

इसी दौरान लकड़ी लादकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी, जिससे सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। ग्रामीणों ने पीछा कर बसारी गांव के पास वाहन को रोक लिया और चालक अमित कुमार पुत्र अमरेश, निवासी मढ़ी मजरे बसारी को पकड़ लिया। 

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर वाहन व चालक को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के कस्बा इचौली के मौलाना मोहल्ला निवासी शिवम (26) पुत्र नौमीलाल लोधी शुक्रवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। बाघनाथन मंदिर मार्ग पर मौलाना काजियाना के पास सड़क मोड़ पर उनकी बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। 

गंभीर रूप से घायल शिवम को सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्रिवेदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के त्रिवेदीगंज चौराहे पर शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे पिकअप डाला की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। कोठी थाना क्षेत्र के बिबियापुर घाट निवासी विरेंद्र कुमार (40) और जाफरपुर निवासी जीतकुंवर (50) बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

वंदे भारत ट्रेन से कटकर युवती की मौत

रामसनेहीघाट: दरियाबाद रेलवे स्टेशन पर एक युवती की वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा देख साथ जा रहा पिता बदहवास हो गया। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार देर शाम करीब 5 बजे हुआ। बदोसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम मरौचा निवासी घनश्याम अपनी पुत्री रंजीता 22 के साथ दरियाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इन दोनों को दिल्ली जाने के लिए यहां से ट्रेन पकड़नी थी। बताया जा रहा कि युवती रंजीता ट्रेन पटरी पार कर रही थी तभी उधर से गुजरी वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गई। बेटी का टुकड़ों में बटा शव देख पिता बेहाल हो गया। उधर हादसे की सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई।

संबंधित समाचार