Moradabad: पैसों से भरी गुल्लक फोड़ी और मां को गला दबाकर मार डाला, लालच में अंधा हुआ बेटा गिरफ्तार
पाकबड़ा, अमृत विचार। बेटे ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी के साले ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। फॉरेन्सिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। सीओ हाइवे ने मौका मुआयना किया। उसके बाद शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के गांव उमरी की निवासी सावित्री(55) पत्नी ऋषिपाल की शनिवार को गला दबाकर बेटे कपिल ने हत्या कर दी। साले योगेंद्र को सूचना दी की छत से गिरकर मौत हो गई है। योगेंद्र जब घर पहुंचा तो पता चला कि छत से गिरकर नहीं उनकी हत्या की गई है। योगेंद्र ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी जीजा के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया।
थाना प्रभारी योगेश कुमार मौके पर पहुंचे देखा तो बुजुर्ग महिला मृत पड़ी थी। शव को पुलिस ने कब्जे में लिया। फॉरेंसिक टीम ने सभी साक्ष्य जुटाए। सीओ हाईवे राजेश कुमार ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
सावित्री के नाम थी जमीन
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी कपिल इकलौता बेटा एवं एक बहन रोशनी है। दोनों की शादी हो चुकी है। गांव उमरी निवासी ऋषिपाल की कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी। ऋषिपाल के हिस्से की जमीन उनकी पत्नी सावित्री के नाम पर आ गई थी। कपिल मां के नाम दर्ज जमीन को बेचना चाहता था। इसी बात को लेकर मां बेटे में विवाद रहता था। शुक्रवार की शाम इसी बात को लेकर मां-बेटे में विवाद हो गया। पैसों की रखी गुल्लक भी फोड़ दी थी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और विवाद शांत कराया। घटना के समय कपिल की पत्नी ललिता एवं तीनों बच्चे ननिहाल में थे। घर पर मां और बेटे ही अकेले थे।
