राज्य कृषि विकास योजना : बीज उत्पादन बढ़ाने को सुधारेंगे ऊसर भूमि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में राज्य कृषि विकास योजना के तहत कृषि प्रक्षेत्र (फार्म) की ऊसर भूमि सुधारकर आधारीय व प्रमाणित बीजों का उत्पादन बढ़ाया जाएगा। कृषि विभाग ने 28 जिलों के 57 फार्म चिह्नित किए हैं, जिनमें वर्ष 2025-26 के अंत तक ऊसर भूमि सुधार कर वर्ष 2026-27 से बीजों का उत्पादन किया जाएगा।

सरकार ने दो वर्ष की कार्ययोजना के क्रियान्वयन के लिए कुल 2696.18 लाख रुपये का अनुमोदन किया है। इसमें भूमि संरक्षण विभाग प्रथम वर्ष 2025-26 में 1740.31 लाख रुपये से समतलीकरण, फील्ड बंडिंग, फील्ड ड्रेन व लिंक ड्रेन जैसे कार्य करके जमीन समतल और उपजाऊ बनाएगा। दूसरे वर्ष 2026-27 में शेष धनराशि से जिप्सम का प्रयोग, मिक्सिंग, लीचिंग, हरी खाद के लिए ढेंचा बीज की बोवाई, पल्टाई आदि कार्य करके बीजों का उत्पादन किया जाएगा।

कृषि प्रक्षेत्र लखनऊ, मेरठ, आगरा, कानपुर नगर, प्रयागराज, बांदा, महोबा, झांसी, आजमगढ़, अयोध्या व गोरखपुर समेत अन्य जिलों में है। इन प्रक्षेत्र में बीजों का उत्पादन करके किसानों को निशुल्क या फिर अनुदान पर दिया जाता है। साथ ही समय-समय पर शोध करके नये बीज तैयार किए जाते हैं। प्रचार-प्रसार के साथ किसानों को बीज व फसल की पैदावार का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। फार्म हाउस में खेती का रकबा बढ़ने से बीजों के उत्पादन में वृद्धि होगी। निदेशक पंकज त्रिपाठी ने संबंधित उपनिदेशक को निर्देश जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें : वाराणसी नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप : बृजेश पाठक बोले- खेलों को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास

संबंधित समाचार