UP: पीपली वन में तस्करों और वन कर्मियों के बीच मुठभेड़, वन तस्कर प्रतिबंधित खैर की लकड़ी छोड़कर फरार
स्वार, अमृत विचार। पीपली वन से खैर की लकड़ी की तस्करी कर ले जा रहे वन तस्करों की वन कर्मियों के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों और से हुई फायरिंग से पीपली वन गूंज उठा। गोलियों की तडतडाहट से क्षेत्र के लोगो में दहशत फैल गई। फायरिंग के बीच वन तस्कर पीपली वन से काटे गए खैर की लकड़ी को छोड़ कर फरार हो गए।
तहसील क्षेत्र के थाना मिलकखानम क्षेत्र में हजारों हेक्टेयर में फैले पीपली वन में लगातार वन तस्कर कटान करने में लगे हैं। कड़ाकी की ठंड के साथ ही पीपली वन में वन तस्करों द्वारा पीपली वन में बड़े पैमाने पर शागोन, खैर व शीशम के पेड़ों का कटान बड़े स्तर पर किया जाता है। जिसे वन विभाग रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। पीपली वन से पिकअप, केंटर, स्कोर्पियों, वैन, छोटा हाथी समेत बाइकों से खैर कि लकड़ी को लादकर ले जाया जाता है।
लेकिन वन कर्मी प्रतिबंधित पेड़ो का कटान रोकने में असमर्थ है। पीपली वन पेड़ो के अवैध कटान पर पीपली के वन रेंजर मुजाहिद हुसैन समेत तीन वन कर्मियों को निलंबित करने के साथ डिप्टी रेंजर को हटाकर जिला मुख्यालय अटैच कर कर दिया था। इसके बाद वन की कमान वन रेंजर सुरेश चन्द्र जोशी को सौपी गई थी। लेकिन पीपली वन पर तस्करों की पकड़ ढीली नही हुई। एक माह रेंजर का स्थानांतरण कर वन रेंजर विजय कुमार गौतम को बनाया गया। इसके बावजूद वन तस्करों के हौसले बुलंद है और रात दिन प्रतिबंधित पेड़ों का कटान करने में लगे है।
शनिवार की रात वन पीपली वन में घुस कर वन तस्करों ने प्रतिबंधित पेड़ों का कटान करने की सूचना मिलने पर पहुंचे वन कर्मियों को देख वन तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे वन कर्मियों में हड़कंप मच गया। दोनों और से हुई फायरिंग से पीपली वन दहल उठा। जिस पर वनकर्मी बैकफुट पर आ गए। तब वन तस्कर काटे गए पेड़ों की लकड़ी को छोड़कर फरार हो गए। वन रेंजर सुरेश चंद जोशी ने बताया कि पीपली वन में लगातार काम्बिंग की जा रही है जिससे की अवैध कटान को रोका जा सके। रात पेड़ो की कटान की सूचना मिलने पर वन कर्मियों और तस्करों में मुठभेड़ हो गई। वन तस्कर काटी गई प्रतिबंधित लकड़ी छोड़कर फरार हो गए। वन तस्करों को चिन्हित कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी व एएसपी ने रात में पीपली वन में किया था गश्त
लकड़ी तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि शनिवार रात पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्वार के साथ थाना मिलक खानम क्षेत्रान्तर्गत पीपली वन क्षेत्र में भ्रमण करते हुए पैदल गश्त किया था। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा वन क्षेत्र एवं नहाल बैराज के आसपास के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया था। वन एवं सुनसान क्षेत्रों में नियमित पुलिस उपस्थिति से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर दिया था। लेकिन शनिवार रात को लकड़ी तस्करों ने खैर की लकड़ी काटने का दुस्साहस किया और वो लकड़ी छोड़कर फरार हो गए।
