पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, 81 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद ली अंतिम सांस

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पुणेः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार तड़के पुणे में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

कलमाड़ी के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्होंने करीब तीन बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। वह रेल मंत्रालय में केंद्रीय राज्यमंत्री रहे थे और उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दी थीं। पुणे की प्रमुख राजनीतिक हस्ती कलमाड़ी ने लोकसभा में कई बार इस शहर का प्रतिनिधित्व किया। अपने राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पद संभाले और वह कई वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रशासन से जुड़े रहे। उनके निधन पर विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया। कलमाड़ी के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और बहू, दो विवाहित बेटियां और दामाद तथा पोते-पोतियां हैं।

सूत्रों ने बताया कि कलमाड़ी के पार्थिव शरीर को यहां एरंडवाने इलाके में ‘कलमाड़ी हाउस’ में अपराह्न दो बजे तक रखा जाएगा। अंतिम संस्कार नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान में अपराह्न तीन बजकर 30 मिनट पर होगा।

संबंधित समाचार