सुल्तानपुर में जमानत पर आए हत्यारोपी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सुल्तानपुरः उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम हत्या के आरोपी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। आरोपी उच्च न्यायालय से जमानत मिलने पर जेल के बाहर था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नगर कोतवाली क्षेत्र के पंचरास्ता स्थित रामलीला मैदान विद्यालय परिसर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसकी पहचान रामलीला विद्यालय प्रबंधक सुषमा मिश्रा के पति अनिल मिश्रा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक अनिल मिश्रा का नाम पूर्व में गनपत सहाय महाविद्यालय के प्राचार्य पी.बी. सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था। इस घटना के बाद उनकी मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्राचार्य प्रताप बहादुर सिंह की हत्या 23 दिसंबर 2011 को हुई थी। वे अपने अंगरक्षक सुरेश सिंह के साथ बैक पेपर परीक्षा की निगरानी कर रहे थे, तभी ताबड़तोड़ फायरिंग में उनकी मौत हो गई थी। अक्टूबर 2021 में इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। अनिल मिश्रा हाईकोर्ट से अपील पर जमानत पर बाहर थे।

नगर कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। 

संबंधित समाचार