फाइक एन्क्लेव : राजस्व विभाग ने तेज की सीलिंग भूमि की जांच, सीलिंग भूमि के कई गाटों पर किया गया कब्जा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बवाल कराने के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा खां की गिरफ्तारी के बाद उनके करीबियों की अचल संपत्तियों पर की जा रही कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग ने चर्चित फाइक एन्क्लेव कालोनी में सीलिंग भूमि की जांच तेज कर दी है। तहसील सदर की टीम से जांच कराने के बाद फिर सीलिंग भूमि को लेकर गहनता से जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि फाइक एन्क्लेव में सीलिंग और बीडीए की भूमि के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है। सीलिंग भूमि के कई गाटों की भूमि पर आशंकि कब्जे की बात सामने आई है। जांच टीम अभिलेख खंगाल रही है। अभिलेखों का मिलान कराने के बाद सीलिंग भूमि पर कब्जा मिला तो उसे मुक्त कराएंगे। इस दौरान डीएम ने बताया कि एक और अवैध संपत्ति पर छह-सात दिन में कार्रवाई होगी। अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलेगा। रणनीति तैयार की जा रही है। शहरी क्षेत्र में कई संपत्तियां बिना नक्शे के बनी होने की वजह से सील हैं, उनमें से एक संपत्ति पर कार्रवाई होने की बात कही जा रही है।

दरअसल, पिछले साल अक्टूबर माह में फाइक एन्क्लेव कालोनी में तहसील सदर, बीडीए व पुलिस ने जांच की, उस दौरान यही लग रहा था कि इस बार सीलिंग भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। अधिकारियों ने यही कि सीलिंग भूमि के कितने गाटे हैं, भूमि किस-किस को बेची गई, इसकी जानकारी करने के लिए बैनामों की जांच कराएंगे। इस कार्य में निबंधन विभाग के अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। फिलहाल, सीलिंग भूमि के संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

 

संबंधित समाचार