Moradabad: नगर विधानसभा में सर्वाधिक महिला मतदाता, मुरादाबाद ग्रामीण में सबसे कम
मुरादाबाद, अमृत विचार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में 6 जनवरी को सूची के अनंतिम ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद जो तस्वीर सामने आई है। इसमें मुरादाबाद नगर विधानसभा में सर्वाधिक और ग्रामीण विधानसभा में सबसे कम महिला मतदाता हैं।
जबकि सभी छह विधानसभाओं को मिलाकर जिले में महिला मतदाताओं की कुल संख्या 9,45,117 है। हालांकि 6 मार्च को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में आंकड़ों में थोड़ा अंतर हो सकता है।मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची के ड्राफ्ट के आलेख्य का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसमें जिले की छह विधानसभाओं में कुल महिला मतदाताओं की संख्या 9,45,117 है। जो पुरुष मतदाताओं की तुलना में करीब दो लाख कम है।
आंकड़ों को देखें तो महिला मतदाताओं की कुल संख्या में सर्वाधिक हिस्सेदारी नगर विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या 2,00,479 और सबसे कम संख्या ग्रामीण विस क्षेत्र में 1,38,243 महिला मतदाताओं की है। जबकि अन्य विधानसभाओं में कांठ विस में महिला मतदाताओं की संख्या 1,55,265 और ठाकुरद्वारा विधानसभा में 1,53, 386 है। वहीं कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में 1,55, 633 और बिलारी (आंशिक) विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या 1,42, 111 है।
