Bareilly : गांव की चौपाल से राजधानी तक सजेगा संस्कृति उत्सव का मंच
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को गांव गली गलियारों तक नई पहचान देने के लिए संस्कृति विभाग ने हमारी संस्कृति-हमारी पहचान के तहत संस्कृति उत्सव 2025-26 की घोषणा की है। जिले के हर अंचल से शास्त्रीय-उप शास्त्रीय संगीत, लोक गायन, लोक नाट्य, नृत्य, वादन से लेकर काव्य-पाठ के क्षेत्र में प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मंच, सम्मान और पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई है। जो कलाकार अब तक पहचान के अभाव में छोटे शहरों और गांवों में थे, उन्हें मुख्यधारा में लाया जाएगा।
अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल ने बुधवार को बताया कि संस्कृति उत्सव की प्रतियोगिताएं चार चरणों में होंगी। शास्त्रीय गायन (ख्याल, ध्रुपद), उप शास्त्रीय (ठुमरी, दादरा, चैती, होरी), लोक गायन (कजरी, बिरहा, आल्हा, निर्गुण, कव्वाली), लोक नाट्य (नौटंकी, रामलीला, स्वांग, नुक्कड़ नाटक), सुगम संगीत (गीत, गजल, भजन, देशभक्ति) और काव्य-पाठ व काव्य गोष्ठी जैसी विधाओं में दक्ष कलाकारों को मंच मिलेगा। वादन में बांसुरी, शहनाई, हारमोनियम, सितार, सारंगी, तबला, पखावज, मृदंगम, घटम समेत लोक व जनजातीय वाद्य यंत्रों को भी शामिल किया है।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, ऑफलाइन ऑन-द-स्पॉट विकल्प भी
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया है। इसके लिए विशेष पोर्टल तैयार किया गया है। इसमें प्रतिभागी का नाम, पता, मोबाइल, जन्मतिथि, विधा, तहसील-जिला-मंडल, आधार संख्या आदि डाटा एक साथ दर्ज किया जाएगा, ताकि प्रस्तुति के बाद ई-प्रमाणपत्र देना आसान हो। पोर्टल तक पहुंच न रखने वालों और देर से आने वालों के लिए ऑफलाइन ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन का विकल्प भी रहेगा।
कंट्रोल रूम बनेगा सांस्कृतिक वार रूम, रोज जारी होगा बुलेटिन
महोत्सव के सुचारु संचालन के लिए संस्कृति विभाग कंट्रोल रूम स्थापित करेगा। शासकीय-अर्द्धशासकीय विभाग, शैक्षणिक संस्थान, नगर निकाय, स्वैच्छिक संस्थाएं, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग लेकर सार्वभौमिक सहभागिता तय करने के निर्देश हैं। नियम सख्त : एक प्रतिभागी-एक विधा, मर्यादित प्रस्तुतियां ही मान्य प्रतिभागी का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है (आधार कार्ड मानक)। एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। प्रस्तुतियां पारंपरिक और मर्यादित होंगी। किसी राजनीतिक दल, धर्म, संप्रदाय, जाति या व्यक्ति की भावनाएं आहत करने वाली सामग्री प्रतिबंधित रहेगी। अश्लील नृत्य व गायन अयोग्य माने जाएंगे और ऐसी प्रस्तुति तुरंत रोकी जा सकती है। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम व सर्वमान्य होगा। विजेताओं को मेडल, प्रमाणपत्र, स्मृति-चिह्न और निर्धारित पुरस्कार दिए जाएंगे। लखनऊ में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विजेताओं को प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। चयनित दलों के लिए आने-जाने का किराया, रहने-भोजन और निर्धारित मानदेय की व्यवस्था भी तय की गई है।
चार चरणों में होगा चयन, गांव से लखनऊ तक पहुंचेगी प्रतिभा
10 से 15 जनवरी : गांव, पंचायत, ब्लॉक व तहसील स्तर की प्रतियोगिताएं कराकर फिर जिला स्तर पर चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता।
17 से 19 जनवरी : मंडलीय मुख्यालय में जनपद स्तर के चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता।
22 जनवरी : मंडल स्तर के चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता लखनऊ में।
24 से 26 जनवरी : उत्तर प्रदेश पर्व के अवसर पर लखनऊ में अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां, सम्मान और पुरस्कार।
