बैथू में बनेगा 152 करोड़ की लागत से 220 KV बिजली उपकेंद्र, लो वोल्टेज से राहत, औद्योगिक गलियारे को भी मिलेगी निर्बाध बिजली
सुलतानपुर, अमृत विचारः जिले के बिजली ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल होने जा रही है। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र में लगभग डेढ़ अरब रुपये की लागत से जिले का पहला 220 केवी बिजली उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा। उपकेंद्र के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात कुमार सिंह व तहसीलदार मयंक मिश्रा की मौजूदगी में पूरी कर ली गई है। राजस्व विभाग द्वारा औपचारिक प्रक्रिया पूर्ण होते ही जमीन बिजली विभाग को सौंप दी जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
शुक्रवार को सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, उपजिलाधिकारी प्रभात सिंह, तहसीलदार मयंक मिश्र, बिजली विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रधान विजय सिंह एवं राजस्व कर्मियों की टीम ने जयसिंहपुर तहसील के बैथू गांव स्थित गाटा संख्या 78 में लगभग 2.33 हेक्टेयर (करीब 13 बीघा) भूमि का निरीक्षण कर चिन्हांकन किया। यह उपकेंद्र जिले का पहला 220 केवी क्षमता का होगा, जिससे लगभग 40 लाख आबादी को लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे को भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत की गई है। करीब 152 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह उपकेंद्र जिले के सभी उपकेंद्रों को स्थिर और सुचारु बिजली आपूर्ति देगा।
एसडीएम प्रभात सिंह ने बताया कि सड़क किनारे स्थित भूमि पर बिजली विभाग ने संतोष जताया है और ग्राम पंचायत भूमि प्रबंधन समिति के प्रस्ताव के बाद जमीन हस्तांतरित की जाएगी। वहीं, एक्सईएन रवि कुमार यादव ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के बाद जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इस अवसर पर मोतिगरपुर ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह चंदर, भाजपा नेता रत्नेश तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
