Bihar IAS Transfer : नीतीश सरकार ने 22 आईएएस अधिकारियों का किया तबादला, शुभम कुमार बने नालंदा के डीडीसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। बिहार सरकार ने जिला एवं अनुमंडल स्तर पर प्रशासनिक ढांचे में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 22 अधिकारियों का तबादला किया है। शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी की गयी। इस तबादले की सबसे अधिक चर्चा 2020 बैच के ‘आईएएस टॉपर’ शुभम कुमार को लेकर है।

कटिहार जिले के रहने वाले शुभम कुमार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) बनाया गया है। वह अब तक भागलपुर नगर निगम के नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वहीं, 2022 बैच के आईएएस अधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह को राज्य के प्रमुख नगर निगमों में शामिल मुजफ्फरपुर का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

इस व्यापक तबादले में नौ जिलों को नए डीडीसी मिले हैं, जबकि पांच आईएएस अधिकारियों को अनुमंडल स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिसूचना के अनुसार, 2019 बैच के आईएएस अधिकारी समीर सौरभ को जिला परिषद (पटना) के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद से स्थानांतरित कर बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ लिमिटेड (कंफेड) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उनके पद को संयुक्त सचिव स्तर के समकक्ष घोषित किया गया है।

नालंदा के नगर आयुक्त 2019 बैच के अधिकारी दीपक कुमार मिश्रा को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें बिहार विकास मिशन के कार्यालय में अपर निदेशक-सह-मिशन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वर्ष 2020 बैच के अधिकारियों में अभिषेक पलासिया को खगड़िया से तबादला कर गया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि कुमार निशांत विवेक को गोपालगंज से स्थानांतरित कर बिहार शरीफ नगर निगम, नालंदा का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर को नालंदा से स्थानांतरित कर पटना जिला परिषद का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। वर्ष 2021 बैच के अधिकारियों में शिवाक्षी दीक्षित को मुंगेर से स्थानांतरित कर बेतिया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। सूर्य प्रताप सिंह को कैमूर से स्थानांतरित कर समस्तीपुर जिला परिषद का उप विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि लक्ष्मण तिवारी को बेतिया से स्थानांतरित कर सारण जिला परिषद का उप विकास आयुक्त बनाया गया है।

वर्ष 2022 बैच के अधिकारियों में पार्थ गुप्ता को पूर्णिया से तबादला कर मुंगेर नगर निगम का नगर आयुक्त, आशीष कुमार को बाढ़ से तबादला कर मोतिहारी नगर निगम का नगर आयुक्त तथा किसलय कुशवाहा को महुआ से स्थानांतरित कर भागलपुर नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। गौरव कुमार को बगहा से स्थानांतरित कर गोपालगंज जिला परिषद का उप विकास आयुक्त तथा काजले वैभव नितिन को बिहार शरीफ से तबादला कर पश्चिम चंपारण जिला परिषद का उप विकास आयुक्त बनाया गया है।

दिव्या शक्ति को दानापुर से स्थानांतरित कर कैमूर जिला परिषद का उप विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। वर्ष 2023 बैच के अधिकारियों में गरिमा लोहिया को पालीगंज से स्थानांतरित कर बाढ़ का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि अनिरुद्ध पांडेय को मोहनिया से स्थानांतरित कर दानापुर, कृतिका मिश्रा को गोगरी से स्थानांतरित कर पटना सदर तथा आकांक्षा आनंद को बारसोई से स्थानांतरित कर मुजफ्फरपुर (पश्चिम) का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। सरकार के इस निर्णय को जिला एवं अनुमंडल स्तर पर प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। 

संबंधित समाचार